यूपी चुनाव 2027: समाजवादी पार्टी ने पांच विधानसभा सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी, गठबंधन में बढ़ी हलचल

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए समाजवादी पार्टी ने पांच सीटों पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। यह ऐलान ऐसे समय हुआ है जब सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है। सपा के इस कदम से गठबंधन में शामिल कांग्रेस नेताओं के बीच असंतोष की खबरें सामने आई हैं।

    उत्तर प्रदेश में होने वाले 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी ने मंगलवार को पांच विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए। यह घोषणा उसी दिन हुई है, जब सपा और कांग्रेस के बीच गठबंधन के तहत सीट बंटवारे को लेकर बैठक आयोजित की गई थी। एक तरफ सीटों के तालमेल पर अभी अंतिम सहमति नहीं बन पाई है, वहीं सपा द्वारा उम्मीदवारों के ऐलान से सियासी पारा चढ़ गया है।

    ललितपुर से ज्योति लोधी को मौका, चार पुराने चेहरों पर फिर भरोसा

    समाजवादी पार्टी की इस सूची में सहारनपुर, शामली, अमरोहा और ललितपुर की विधानसभा सीटें शामिल हैं। घोषित किए गए पांच प्रत्याशियों में से चार ऐसे हैं, जो वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भी सपा के टिकट पर मैदान में उतर चुके हैं।

    वहीं, ललितपुर सीट से सपा ने नए चेहरे के रूप में ज्योति लोधी को पहली बार टिकट दिया है। पिछले विधानसभा चुनाव में पार्टी ने इस सीट से रमेश कुशवाहा को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्हें भाजपा के रामरतन कुशवाहा से हार का सामना करना पड़ा था। इस बार सपा ने ज्योति लोधी पर दांव लगाकर महिला और लोधी मतदाताओं को साधने की रणनीति अपनाई है।

    सहारनपुर और बेहट की सीटों को लेकर इमरान मसूद नाराज

    सूत्रों के अनुसार, बेहट और सहारनपुर में सपा द्वारा एकतरफा उम्मीदवार घोषित किए जाने से सहारनपुर के कांग्रेस सांसद और पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद नाराज बताए जा रहे हैं। वह इन दोनों सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी उतारने की मांग पर अड़े हुए हैं। इसके अलावा, उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के 26 सीटों का उल्लेख करने वाले ट्वीट पर भी असहमति जताई है और इसे गठबंधन धर्म के विरुद्ध माना है।

    बताया जा रहा है कि इमरान मसूद इस मुद्दे पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के संपर्क में हैं। वे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस मामले में अपना पक्ष रखने की तैयारी कर रहे हैं, लेकिन फिलहाल कांग्रेस आलाकमान के निर्देश का इंतजार कर रहे हैं।

    ‘सीट नहीं, जीत महत्वपूर्ण’: अखिलेश यादव ने कांग्रेस को लिखा पत्र

    उम्मीदवारों की घोषणा के बीच सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कांग्रेस नेतृत्व को एक पत्र लिखकर गठबंधन की रणनीति स्पष्ट की है। पत्र में उन्होंने कहा है कि दोनों धर्मनिरपेक्ष दलों के सामने 2027 में भाजपा को हराने का बड़ा अवसर है, इसलिए गठबंधन का मुख्य उद्देश्य केवल सीटों का बंटवारा नहीं, बल्कि जीत सुनिश्चित करना होना चाहिए।

    अखिलेश यादव ने इसे ‘सीट बंटवारा’ के बजाय ‘सीट समायोजन’ का नाम देने का सुझाव दिया है। उन्होंने लिखा कि कठिन मुकाबले वाली सीटों पर दोनों दलों के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर मिलकर विचार किया जाना चाहिए और जिस उम्मीदवार की जीतने की संभावना अधिक हो, उसे ही मौका दिया जाए। उन्होंने एक-दूसरे पर प्रत्याशी थोपने के बजाय आपसी सहमति से नाम तय करने की बात कही है, ताकि दोनों दलों के वोट एक-दूसरे को आसानी से हस्तांतरित हो सकें।

    पीडीए की ताकत से सरकार बनाने पर जोर

    अपने पत्र में अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) को गठबंधन की सबसे बड़ी ताकत बताया है। उन्होंने कहा कि प्रत्याशियों को ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ-साथ पीडीए उम्मीदवार के रूप में भी जनता के बीच पेश किया जाना चाहिए, क्योंकि पीड़ित और उपेक्षित वर्ग भाजपा के खिलाफ एकजुट हो रहा है।

    सपा प्रमुख ने कहा कि गठबंधन का मुख्य लक्ष्य उत्तर प्रदेश में सरकार बनाना और भविष्य में केंद्र की सत्ता से भाजपा को बाहर करना है। इसके लिए दोनों दलों को कुछ सीटों पर समझौता करने और संभावित उम्मीदवारों में बदलाव के लिए तैयार रहना होगा। उन्होंने नेताओं से अपील की कि मनचाही सीट न मिलने पर निराश होने के बजाय बड़े लक्ष्य को ध्यान में रखकर आपसी तालमेल से काम करें।

    Read more

    Related News