Beijing News: चीन में एक सरकारी अधिकारी को विदेशी खुफिया एजेंसी को 100 से अधिक गोपनीय जानकारियां सौंपने के मामले में मौत की सजा सुनाई गई है। केवल ‘मा’ उपनाम से पहचाने गए इस अधिकारी के राजनीतिक अधिकार हमेशा के लिए समाप्त कर दिए गए हैं और निजी संपत्ति भी जब्त कर ली गई है। चीनी सरकारी चैनल ‘बाओमीगुआन’ ने सोमवार को यह जानकारी साझा की।
चीन में देश की गोपनीय जानकारी विदेशी खुफिया एजेंसी तक पहुंचाने के मामले में एक सरकारी अधिकारी को मौत की सजा सुनाई गई है। इस अधिकारी की पहचान केवल उसके उपनाम ‘मा’ से सार्वजनिक की गई है। रिपोर्ट के अनुसार, मा पर पहले दोस्ती व पैसों के प्रलोभन में जानकारी साझा करने और बाद में ब्लैकमेल होकर विदेशी एजेंसी के लिए काम करने का आरोप था।
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, मा ने एक चीनी दूतावास से जुड़े दस्तावेज, अधिकारियों का विवरण और 100 से अधिक खुफिया जानकारियां विदेशी एजेंसी को दी थीं। चीन की सरकारी व्यवस्था से जुड़े मीडिया चैनल ‘बाओमीगुआन’ ने सोमवार को इस प्रकरण का खुलासा किया।
अदालत ने मौत की सजा सुनाने के साथ ही मा के सभी राजनीतिक अधिकार आजीवन समाप्त कर दिए हैं और उसकी निजी संपत्ति भी जब्त करने का आदेश दिया है। हालांकि, चीनी प्रशासन ने यह स्पष्ट नहीं किया है कि यह फैसला किस अदालत ने सुनाया, मुकदमा कब चला और सजा पर अमल हुआ है या नहीं। इसके अतिरिक्त, यह जानकारी भी गोपनीय रखी गई है कि ये दस्तावेज किस देश को सौंपे गए थे।
विदेश में तैनाती के दौरान दोस्ती और फिर ब्लैकमेल का जाल
सरकारी चैनल ‘बाओमीगुआन’ की रिपोर्ट के अनुसार, जासूसी का यह सिलसिला तब शुरू हुआ जब मा की तैनाती विदेश (देश A) में थी। वहां उसकी मुलाकात एक अन्य देश (देश B) की खुफिया एजेंसी के अधिकारी ‘काइलिन’ से हुई। शुरुआत में काइलिन ने मा से मित्रता की। वह मिलने के बहाने तलाशता था और चीनी भाषा सीखने के नाम पर उससे संवाद बढ़ाता रहा, जिसके बदले वह मा को कुछ धनराशि भी देता था। धीरे-धीरे दोनों के बीच राजनीति और अंतरराष्ट्रीय मामलों पर चर्चा होने लगी।
इसके बाद काइलिन ने उस चीनी मिशन के अधिकारियों और वहां की गतिविधियों के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की, जहां मा कार्यरत था। रिपोर्ट के मुताबिक, मा ने उसे मिशन से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां दीं और अधिकारियों की आंतरिक टेलीफोन डायरेक्टरी भी सौंप दी।
कुछ समय बाद काइलिन ने मा की मुलाकात अपने सहयोगी ‘तांग झेंग’ से कराई। तांग ने मा पर देश B की खुफिया एजेंसी के लिए काम करने का दबाव बनाया और धमकी दी कि इनकार करने पर उसकी पुरानी गैरकानूनी गतिविधियों की जानकारी चीनी सरकार को दे दी जाएगी। इस दबाव में आकर मा ने गोपनीयता और वफादारी की शर्तों वाले एक समझौते पर हस्ताक्षर कर दिए। इसके बदले उसे मासिक वेतन और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए एक अलग लैपटॉप दिया गया।
विदेश में कार्यकाल पूरा कर चीन लौटने के बाद भी मा ने यह गतिविधि जारी रखी। वह दिन में अपने सरकारी काम के दौरान गोपनीय दस्तावेज जुटाता था और रात में घर पर उन्हें तैयार कर छिपी हुई वेबसाइटों के माध्यम से विदेशी एजेंसी को भेज देता था।
100 से अधिक खुफिया जानकारियां लीक करने और 1.2 करोड़ रुपये लेने का दावा
रिपोर्ट के अनुसार, मा ने कुल 100 से अधिक खुफिया जानकारियां विदेशी एजेंसी को हस्तांतरित कीं। इनमें से 9 जानकारियां ‘सीक्रेट’ और 26 ‘कॉन्फिडेंशियल’ श्रेणी की थीं, जो चीन की सुरक्षा व्यवस्था में गोपनीयता के दूसरे और तीसरे सर्वोच्च स्तर माने जाते हैं।
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि गिरफ्तारी से पूर्व मा को जासूसी के बदले 10 लाख युआन (भारतीय मुद्रा में लगभग 1.2 करोड़ रुपये) से अधिक की राशि प्राप्त हो चुकी थी। यह रकम उसे देश के भीतर विभिन्न स्थानों और विदेश में हुई मुलाकातों के दौरान दी गई थी। महत्वपूर्ण जानकारी उपलब्ध कराने पर उसे अलग से प्रोत्साहन राशि भी मिलती थी।
सरकारी कर्मचारियों और शोधकर्ताओं के लिए जारी की गई चेतावनी
इस मामले को सार्वजनिक करते हुए संबंधित चैनल ने चीन के सरकारी कर्मचारियों को अपने सामाजिक दायरे और नई मित्रता को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि विदेशी खुफिया एजेंसियां दोस्ती, पैसों के लालच और ब्लैकमेल के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसा सकती हैं।
चीन का राष्ट्रीय सुरक्षा मंत्रालय भी पहले से ही इस संबंध में चेतावनी जारी करता रहा है। मंत्रालय के अनुसार, विदेशी एजेंसियों के निशाने पर मुख्य रूप से सरकारी अधिकारी, वैज्ञानिक, शोध संस्थानों के कर्मचारी, विश्वविद्यालय के शिक्षक और छात्र रहते हैं, विशेषकर वे लोग जिनकी पहुंच राष्ट्रीय सुरक्षा, नई तकनीक और गोपनीय सरकारी दस्तावेजों तक होती है।