ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, नए सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर 24 करोड़ की जमीन कराई मुक्त

Share

- Advertisement -

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर सोमवार को छपरौला स्थित सहारा समतल क्षेत्र में अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। सुबह 6:30 से 9:30 बजे तक चले ध्वस्तीकरण अभियान में लगभग 3 एकड़ (करीब 12 हजार वर्ग मीटर) अधिसूचित जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 24 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ग्रेटर नोएडा में सड़कों और अधिसूचित क्षेत्रों में हो रहे अतिक्रमण के खिलाफ प्राधिकरण ने सख्त अभियान शुरू कर दिया है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ डॉ. बलकार सिंह के निर्देश पर सोमवार सुबह छपरौला स्थित सहारा समतल में अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया। इस कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से बनाए गए मकानों और प्रॉपर्टी डीलरों की दुकानों को ढहाया गया।

सुबह 6:30 बजे से 9:30 बजे तक चले इस ध्वस्तीकरण अभियान में लगभग 3 एकड़ यानी करीब 12 हजार वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। प्राधिकरण के आकलन के अनुसार, मुक्त कराई गई इस भूमि की कुल कीमत करीब 24 करोड़ रुपये है।

खरीदारों से अवैध कॉलोनियों में निवेश न करने की अपील

कार्रवाई की जानकारी देते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुमित यादव ने बताया कि सहारा समतल एक अधिसूचित क्षेत्र है और यहां प्राधिकरण की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य अवैध है। कुछ लोगों ने बिना अनुमति के इस जमीन पर कब्जा कर लिया था, जिसे अभियान चलाकर मुक्त कराया गया।

एसीईओ सुमित यादव ने चेतावनी दी कि भविष्य में सरकारी या अधिसूचित भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों और खरीदारों से अपील की है कि वे ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर भूमि की वैधता की जांच अवश्य कर लें। उन्होंने कहा कि लोग अवैध कॉलोनियों में अपनी कमाई न फंसाएं, क्योंकि ऐसी कई कॉलोनियों को अवैध निर्माण के संबंध में पहले ही नोटिस जारी किए जा चुके हैं।

वहीं, सीईओ डॉ. बलकार सिंह ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की टीम अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है और सरकारी भूमि पर कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

कौन हैं ग्रेटर नोएडा के नए सीईओ डॉ. बलकार सिंह

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के नवनियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) डॉ. बलकार सिंह ने इसी महीने 18 तारीख को अपना कार्यभार ग्रहण किया है। वर्ष 2004 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी डॉ. बलकार सिंह इससे पहले उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के सीईओ के पद पर तैनात थे।

डॉ. बलकार सिंह को पूर्व सीईओ रवि कुमार एनजी के स्थान पर यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ के साथ-साथ उन्हें स्थानीय आयुक्त और आयुक्त, एनसीआर का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। पदभार संभालने के साथ ही उन्होंने शहर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का स्पष्ट संदेश दिया है।

Read more

Related News