Dhanbad News: रेलवे में ट्रांसफर-पोस्टिंग की जुगाड़ व्यवस्था पर ब्रेक लग गया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद पूर्व मध्य रेल मुख्यालय ने धनबाद समेत सभी रेल मंडलों को पत्र जारी कर अस्थाई ट्रांसफर-पोस्टिंग पर रोक लगा दी है। अब बिना कार्मिक विभाग की सहमति के कोई अस्थाई तबादला नहीं होगा।
प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि कर्मचारियों के अस्थाई ट्रांसफर पोस्टिंग को लेकर पूर्व मध्य रेल के विभिन्न मंडलों से कई शिकायतें मिली हैं। यह प्रथा नियमों के अनुरूप नहीं है और इसे तुरंत बंद किया जाना चाहिए। देखा गया है कि कर्मचारियों को एक स्थान से दूसरे स्थान बिना कार्मिक विभाग की सहमति के अस्थाई रूप से ट्रांसफर पोस्टिंग की जा रही है।
सक्षम अधिकारी की मंजूरी के बिना नहीं होगा तबादला
आदेश के अनुसार, कोई भी अस्थाई ट्रांसफर पोस्टिंग अब सक्षम अधिकारी की मंजूरी और कार्मिक विभाग के माध्यम से निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना नहीं होगा। सभी सीनियर डीईई (आपरेशन) को सख्ती से यह सुनिश्चित करना होगा कि बिना पूर्व अनुमोदन और कार्मिक विभाग की उचित भागीदारी के कोई अस्थाई ट्रांसफर नहीं किए जाएं।
रांची-दुमका इंटरसिटी अब प्लेटफार्म चार पर
रांची से दुमका के बीच चलने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस का धनबाद स्टेशन पर स्थाई तौर पर प्लेटफार्म बदल दिया गया है। शाम 6:05 पर धनबाद आने वाली ट्रेन अब प्लेटफार्म एक के बदले प्लेटफार्म चार पर आएगी। गया-हावड़ा वंदे भारत एक्सप्रेस और रांची-दुमका-रांची इंटरसिटी कम समय के अंतराल में प्लेटफार्म संख्या एक पर आने से यात्रियों को परेशानी हो रही थी। दूसरी ओर, बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस अब प्लेटफार्म एक के बदले दो पर आएगी।