New Delhi: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने संसद परिसर में बीजेपी सांसदों द्वारा पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के स्वागत को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मंगलवार को कहा कि इस्तीफा देने के अगले ही दिन प्रधान का किसी सुपरस्टार की तरह स्वागत किया जाना बेहद शर्मनाक है।
प्रियंका गांधी ने संसद भवन परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों का दमन करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जिस तरह की परिस्थितियों में पूर्व शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दिया, उसके बाद इस तरह का स्वागत सवाल खड़े करता है। कांग्रेस नेता ने कहा कि यह घटनाक्रम बेहद निराशाजनक है।
‘छात्रों के प्रति रवैया बदले सरकार, बातचीत से निकाले समाधान’
लोकसभा सांसद प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार पर भरोसा नहीं किया जा सकता क्योंकि आज भी देश के छात्र परेशान हो रहे हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार को इस मुद्दे का हल बातचीत के जरिए निकालना चाहिए। लेकिन इसके विपरीत सरकार अब भी छात्रों के पीछे पड़ी है और उनका दमन करने में जुटी है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि सरकार को छात्रों के प्रति अपना नजरिया बदलना चाहिए। गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री के पद से इस्तीफे के बाद सोमवार को जब धर्मेंद्र प्रधान संसद पहुंचे, तब कुछ बीजेपी सांसदों ने उनका स्वागत किया था। बिहार के दरभंगा से सांसद गोपालजी ठाकुर ने उन्हें मिथिला की पारंपरिक टोपी ‘पाग’ पहनाई थी।