Lucknow News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। अपने भाषण में उन्होंने युवाओं के बीच हुनर और कौशल विकास को बढ़ावा देने की बात कही। इस दौरान उन्होंने मैकाले की शिक्षा प्रणाली से लेकर वर्तमान के एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) युग तक के बदलावों पर अपने विचार रखे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचे, जहां उन्होंने कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने देश के युवाओं से राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से सीधे जुड़ने का आह्वान किया।
अपने संबोधन के दौरान पीएम मोदी ने कौशल विकास के ऐतिहासिक और आधुनिक पहलुओं पर चर्चा की। उन्होंने अंगूठा काटने के दौर से लेकर अंग्रेजी शासन में मैकाले की शिक्षा नीति और आज के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के दौर तक का जिक्र करते हुए हुनर की अहमियत को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि आज युवाओं ने अपने जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया है।
लखनऊ के चयन पर जताई खुशी
कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी का आभार व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें इस बात की खुशी है कि जयंत चौधरी ने कौशल विकास के इतने बड़े कार्यक्रम के लिए लखनऊ को चुना।
उन्होंने आगे कहा कि उत्तर प्रदेश का सांसद होने के नाते यह उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है कि उन्हें देश भर से आए युवा साथियों का स्वागत करने का अवसर मिल रहा है।