New Delhi News: दुनिया के शीर्ष अरबपतियों की संपत्ति में भारी उतार-चढ़ाव के बीच एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति गौतम अडानी ने एनवीडिया (Nvidia) के सीईओ जेन्सन हुआंग को पीछे छोड़ दिया है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, 121 अरब डॉलर की कुल संपत्ति के साथ अडानी दुनिया के 16वें सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं, जबकि जेन्सन हुआंग 105 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ 18वें स्थान पर खिसक गए हैं।
मुकेश अंबानी की संपत्ति में 1.96 अरब डॉलर का इजाफा
घरेलू शेयर बाजार में रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में आई तेजी का सीधा फायदा भारतीय उद्योगपति मुकेश अंबानी को मिला। शुक्रवार को वे ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स में संपत्ति बढ़ाने के मामले में टॉप गेनर रहे। उनकी दौलत में एक ही दिन में 1.96 अरब डॉलर (2.1 प्रतिशत) की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे उनकी कुल नेटवर्थ बढ़कर 93.8 अरब डॉलर पर पहुंच गई है।
आंकड़ों के अनुसार, 2 नवंबर के बाद यह एक दिन में मुकेश अंबानी की संपत्ति में हुई सबसे बड़ी डॉलर वृद्धि है। हालांकि, सालाना आधार पर उनकी कुल संपत्ति अभी भी 13.3 प्रतिशत नीचे बनी हुई है।
16वें स्थान पर गौतम अडानी, 18वें पर फिसले जेन्सन हुआंग
अडानी समूह के चेयरमैन गौतम अडानी की संपत्ति में शुक्रवार को 1.47 अरब डॉलर का इजाफा हुआ, जिसके बाद उनकी कुल नेटवर्थ 121 अरब डॉलर आंकी गई है। वैश्विक अमीरों की सूची में अडानी से ठीक आगे 15वें स्थान पर फ्रांस के बर्नार्ड अरनॉल्ट (127 अरब डॉलर) हैं, जबकि 17वें स्थान पर बिल गेट्स (118 अरब डॉलर) मौजूद हैं।
दूसरी ओर, एनवीडिया के सीईओ जेन्सन हुआंग की संपत्ति में शुक्रवार को 16.4 अरब डॉलर की बड़ी गिरावट आई, जिससे उनकी कुल संपत्ति 105 अरब डॉलर रह गई है। इस सूची में चीन के झांग यिमिंग भी 105 अरब डॉलर की संपत्ति के साथ 19वें और फ्रांस की फ्रांस्वाज बेटनकोर्ट मेयर्स 102 अरब डॉलर की नेटवर्थ के साथ 20वें पायदान पर हैं।
टॉप-8 अरबपतियों के एक दिन में डूबे 123.65 अरब डॉलर
कंपनियों के शेयरों में आई भारी गिरावट के कारण दुनिया के शीर्ष 8 अरबपतियों की कुल संपत्ति में एक ही दिन में करीब 123.65 अरब डॉलर की कमी आई है। इसमें सबसे बड़ा झटका टेस्ला और स्पेसएक्स के प्रमुख एलन मस्क को लगा है। मस्क की संपत्ति एक दिन में 64.6 अरब डॉलर (7.4 प्रतिशत) घटकर 809 अरब डॉलर रह गई है।
ब्लूमबर्ग के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को प्रमुख अरबपतियों की संपत्ति में हुई गिरावट का विवरण इस प्रकार है:
- एलन मस्क: 64.6 अरब डॉलर
- माइकल डेल: 16.3 अरब डॉलर
- मार्क जुकरबर्ग: 12.1 अरब डॉलर
- जेफ बेजोस: 9.15 अरब डॉलर
- वॉरेन बफेट: 5.9 अरब डॉलर
- लैरी पेज: 5.84 अरब डॉलर
- सर्गेई ब्रिन: 5.42 अरब डॉलर
- स्टीव बाल्मर: 4.34 अरब डॉलर