New Delhi News: कांग्रेस के भारत समिट 2026 में इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक द्वारा लगाए गए ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ के नारे पर इटली की सत्तारूढ़ गठबंधन की वरिष्ठ नेता डेबोरा बर्गामिनी ने आपत्ति जताई है। उन्होंने कहा कि भारत को लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना उचित नहीं है और चुनावी विवादों का समाधान भारतीय संस्थाओं के जरिए होना चाहिए।
कांग्रेस के ‘भारत समिट 2026’ के मंच से इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक द्वारा ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ का नारा लगाए जाने के बाद नया राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। अब इटली की सत्तारूढ़ गठबंधन की वरिष्ठ नेता डेबोरा बर्गामिनी ने इस टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि भारत जैसे बड़े लोकतांत्रिक देश को यूरोप की ओर से लोकतंत्र का पाठ पढ़ाना अनुचित है।
डेबोरा बर्गामिनी ने भारत और इटली के द्विपक्षीय संबंधों का हवाला देते हुए कहा कि दोनों देश भरोसेमंद साझेदार हैं और उनके बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी है। विभिन्न क्षेत्रों में दोनों देशों का सहयोग लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में भारत के घरेलू राजनीतिक मामलों में विदेशी नेताओं की इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है।
आरोप लगाने के साथ उन्हें साबित करने की भी जिम्मेदारी
डेबोरा बर्गामिनी ने लोकतांत्रिक अधिकारों के साथ-साथ जवाबदेही पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी राय रखने और आरोप लगाने का अधिकार है, लेकिन आरोप लगाने और उन्हें साबित करने की जिम्मेदारी भी होनी चाहिए। आरोप लगाने वाले का यह दायित्व है कि वह अपने दावों को प्रमाणित करे।
उन्होंने भारत की चुनावी व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां करीब 97 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करते हैं। भारत के पास अपनी मजबूत लोकतांत्रिक संस्थाएं और स्वतंत्र न्यायपालिका मौजूद है। इसलिए चुनाव या मतदाता सूची से जुड़े किसी भी विवाद का समाधान भारतीय संस्थाओं और देश की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के माध्यम से ही होना चाहिए।
मेलोनी सरकार की प्रमुख सहयोगी हैं डेबोरा बर्गामिनी
डेबोरा बर्गामिनी इटली की राजनीति में महत्वपूर्ण स्थान रखती हैं। वे ‘फोर्जा इटालिया’ पार्टी की राष्ट्रीय उप महासचिव हैं और पार्टी के विदेश मामलों की प्रमुख भी हैं। इसके साथ ही वे इटली की संसद में पार्टी की डिप्टी व्हिप की जिम्मेदारी भी संभालती हैं।
फोर्जा इटालिया पार्टी का नेतृत्व इटली के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री एंटोनियो तायानी करते हैं। यह पार्टी प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार का हिस्सा है। बर्गामिनी का यह बयान इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि यह इटली की सत्ताधारी पार्टी की ओर से आया है, जिसमें दूसरे देश की आंतरिक राजनीति में दखल न देने और आपसी सम्मान बनाए रखने की बात कही गई है।