Mumbai News: मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर रविवार, 15 नवंबर को पत्नी शबाना आजमी के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर पर बैठे नजर आए। इसका वीडियो वायरल होने के बाद प्रशंसकों में उनकी सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई। हालांकि, उन्होंने खुद उठकर कैमरों के सामने पोज दिए, लेकिन व्हीलचेयर के इस्तेमाल की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।
हिंदी सिनेमा के दिग्गज गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख्तर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो रविवार, 15 नवंबर का है, जिसमें वह अपनी पत्नी और अभिनेत्री शबाना आजमी के साथ मुंबई एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर पर बैठे दिखाई दे रहे हैं।
एयरपोर्ट पर मौजूद पैपराजी ने जब उन्हें देखा, तो तस्वीरें और वीडियो बनाने शुरू कर दिए। इस दौरान जावेद अख्तर व्हीलचेयर से उठकर खुद खड़े हुए और पत्नी शबाना आजमी के साथ मुस्कुराते हुए कैमरों के सामने पोज दिए। इसके बावजूद उन्हें व्हीलचेयर पर देखकर प्रशंसकों के बीच उनकी सेहत को लेकर चिंता और जिज्ञासा बढ़ गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें एयरपोर्ट पर व्हीलचेयर की आवश्यकता क्यों पड़ी। जावेद अख्तर या शबाना आजमी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।
शबाना आजमी ने साझा किया था संघर्ष के दिनों का किस्सा
कुछ समय पहले शबाना आजमी ने सोशल मीडिया पर जावेद अख्तर के शुरुआती संघर्ष से जुड़ा एक संस्मरण साझा किया था। उन्होंने बताया था कि जावेद अख्तर साल 1964 में महज 19 वर्ष की आयु में फिल्मों में काम करने का सपना लेकर मुंबई आए थे। उस समय उनकी जेब में केवल 27 नए पैसे थे।
शबाना के अनुसार, मुंबई के शुरुआती दिनों में जावेद अख्तर को कई कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। उन्हें कई बार फुटपाथ, रेलवे स्टेशन और फिल्म स्टूडियो के बाहर रात बितानी पड़ी। हालात इतने कठिन थे कि एक दौर ऐसा भी आया, जब उनके पास लगातार तीन दिनों तक खाने के लिए कुछ नहीं था।
बता दें कि जावेद अख्तर और शबाना आजमी ने साल 1984 में विवाह किया था। यह जोड़ी अगले महीने 9 दिसंबर को अपनी शादी की 42वीं वर्षगांठ मनाने जा रही है।