Mandi News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सुंदरनगर के बरोटी डैहर में वाइन और फ्रूट प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित हो रही है। उद्यान विभाग के सहयोग से करीब पांच करोड़ रुपये के प्रोजेक्ट पर काम जारी है। इससे आम, सेब और बुरांस के फूलों से वाइन और अन्य उत्पाद तैयार होंगे।
पांच करोड़ के प्रोजेक्ट से स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार
बरोबर डैहर में ‘फॉरेस्ट वाइन बारना’ नाम की फैक्ट्री का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। लगभग पांच करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट से स्थानीय क्षेत्र के 25 से 30 युवाओं को रोजगार मिलेगा। इस नए उपक्रम को आदिति कटैक और समीर बजाज ने मिलकर शुरू किया है।
पहले इनका एचपीएमसी के साथ बॉटलिंग प्लांट का समझौता था। बाद में बागवानी विभाग की ‘मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर’ (एमआईडीएच) योजना की जानकारी मिलने पर यह प्रोजेक्ट शुरू हुआ। योजना के तहत इकाई को लगभग दो करोड़ रुपये यानी 50 प्रतिशत तक सब्सिडी मिलनी है।
अचार, जैम और मुरब्बा बनाकर महिलाओं को बनाएंगे आत्मनिर्भर
संस्थापक आदिति कटैक ने बताया कि फैक्ट्री भवन का निर्माण काम लगभग पूरा हो गया है और मशीनरी पहुंच चुकी है। उनका ब्रांड पहले से ही सेब, आम और बुरांस के फूलों की वाइन बना रहा है। अब बरोटी डैहर प्रोसेसिंग यूनिट में अचार, जैम और मुरब्बा भी बनाया जाएगा।
इन उत्पादों के निर्माण से इलाके की स्थानीय महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। बागवानी विभाग के उपनिदेशक डॉ. संजय गुप्ता ने बताया कि सुंदरनगर में बन रही प्रोसेसिंग यूनिट एमआईडीएच योजना के तहत तैयार हो रही है। इससे क्षेत्र में वाइन उत्पादन के साथ रोजगार के नए अवसर खुलेंगे।