Shimla News: हिमाचल प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने शनिवार को शिमला में एक पत्रकार वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और राज्य की कांग्रेस सरकार पर चुनावी गारंटियों को पूरा न करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 4 वर्षों तक गारंटियां अधूरी रखने के बाद अब चुनावी वर्ष में सरकार को महिलाओं और परिवारों की याद आ रही है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकाय चुनावों में जनता ने कांग्रेस सरकार को आईना दिखा दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने पहली कैबिनेट में 18 से 59 वर्ष आयु वर्ग की सभी महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी और उस समय पात्रता या आय सीमा की कोई शर्त नहीं रखी गई थी।
नेता प्रतिपक्ष के अनुसार, प्रदेश में इस आयु वर्ग की लगभग 28 लाख महिलाएं हैं और 48 महीनों के हिसाब से प्रत्येक महिला के 72 हजार रुपये बनते हैं। इस प्रकार कांग्रेस की गारंटी के अनुसार महिलाओं को करीब 20 हजार करोड़ रुपये मिलने चाहिए थे।
300 यूनिट मुफ्त बिजली और ‘सुखी परिवार योजना’ पर उठाए सवाल
नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि अब सरकार केवल साढ़े तीन लाख महिलाओं को 1,500 रुपये देने की बात क्यों कर रही है, जबकि शेष 24.50 लाख महिलाओं को इससे वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से घोषित ‘सुखी परिवार योजना’ पर भी प्रश्नचिह्न लगाते हुए कहा कि प्रदेश में 18 लाख से अधिक परिवार हैं, तो फिर केवल गिने-चुने परिवारों को ही इसका लाभ क्यों दिया जा रहा है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने सामान्य परिवारों की खपत का आकलन कर 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की सुविधा शुरू की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने 300 यूनिट मुफ्त बिजली का वादा किया था, लेकिन 4 साल में इसे पूरा करने के बजाय 125 यूनिट की राहत पर भी शर्तें लगा दी गईं। उन्होंने घोषणा की कि भाजपा के सत्ता में आने पर 125 यूनिट मुफ्त बिजली की सुविधा को दोबारा शुरू किया जाएगा।
बजट प्रावधान और भुगतान को लेकर सरकार को घेरा
जयराम ठाकुर ने दावा किया कि साढ़े तीन लाख महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह देने के लिए सालाना करीब 630 करोड़ रुपये की आवश्यकता होगी, जबकि बजट में इसका कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं किया गया है। उन्होंने सामाजिक सुरक्षा और अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) तथा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) कल्याण से जुड़े बजट में लगभग 62 प्रतिशत की कटौती का आरोप लगाते हुए पूछा कि सरकार यह भुगतान किस मद से करेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार सभी महिलाओं को गारंटी का लाभ देने में असमर्थ है, तो मुख्यमंत्री को प्रदेश की माताओं-बहनों से माफी मांगनी चाहिए।
शीतकालीन सत्र में इन मुद्दों पर जवाब मांगेगी भाजपा
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आगामी शीतकालीन सत्र वर्तमान कांग्रेस सरकार का अंतिम शीतकालीन सत्र होगा। इस सत्र के दौरान भाजपा भ्रष्टाचार, सरकारी संपत्तियों के निजी संचालन, बढ़ते नशे, कानून व्यवस्था और सड़कों की बदहाली जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को हेलीकॉप्टर के साथ-साथ सड़कों से भी सफर करना चाहिए ताकि उन्हें सड़कों की स्थिति का पता चल सके।
कंगना पर एफआईआर और मंडी की राजनीति पर बयान
सोनिया गांधी की किताब पर टिप्पणी के मामले में सांसद कंगना रनौत पर दर्ज एफआईआर को जयराम ठाकुर ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपने विचार व्यक्त करना गलत नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सोशल मीडिया पर कई लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं और सोनिया गांधी की किताब राहुल गांधी को प्रमोट करने का प्रयास है।
इसके अतिरिक्त, मंडी में मुख्यमंत्री की रैली में भाजपा विधायक अनिल शर्मा के शामिल होने से जुड़े सवाल पर जयराम ठाकुर ने कहा कि नशे के मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष एकमत हैं, लेकिन मुख्यमंत्री राजनीतिक साजिशें करने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि मंडी जिले की सभी 10 विधानसभा सीटों पर भाजपा जीत दर्ज करेगी।