New Delhi News: ऑस्ट्रेलिया के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस और उनकी पत्नी बेकी के बीच सड़क पर बहस का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद दोनों के रिश्ते में अनबन की अटकलें लगाई जा रही थीं, जिन्हें बेकी की हालिया इंस्टाग्राम स्टोरी ने खारिज कर दिया है। वहीं, कमिंस शुक्रवार को उस्मान ख्वाजा के आरोपों पर भी मीडिया को जवाब देंगे।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान पैट कमिंस इन दिनों दो अलग-अलग वजहों से चर्चा में हैं। एक तरफ पूर्व बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा की किताब में लगाए गए आरोपों को लेकर वह मीडिया के सामने अपना पक्ष रखने वाले हैं, तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर उनका और उनकी पत्नी बेकी का एक वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दोनों के बीच सड़क पर तीखी बहस होती नजर आ रही है।
इंस्टाग्राम स्टोरी से थमीं रिश्ते में दरार की अटकलें
सार्वजनिक स्थान पर बहस का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर पैट कमिंस और उनकी पत्नी बेकी के रिश्ते में दरार आने की अटकलें लगाई जाने लगीं। हालांकि, बेकी की एक सोशल मीडिया पोस्ट ने इन अफवाहों पर विराम लगा दिया है। वीडियो वायरल होने के बाद बेकी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पैट कमिंस और अपनी बेटी के साथ एक तस्वीर साझा की, जिसके साथ उन्होंने “माई लव्स” (My Loves) लिखा। उल्लेखनीय है कि कमिंस और बेकी की मुलाकात वर्ष 2013 में हुई थी और दोनों के दो बच्चे हैं।
उस्मान ख्वाजा के आरोपों पर शुक्रवार को जवाब देंगे कमिंस
इस बीच, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में उस्मान ख्वाजा की किताब को लेकर भी विवाद जारी है। ख्वाजा ने अपनी किताब में दावा किया है कि साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन टेस्ट में हुए गेंद से छेड़छाड़ (सैंडपेपर) मामले में कैमरन बैनक्रॉफ्ट, डेविड वॉर्नर और स्टीव स्मिथ को बलि का बकरा बनाया गया था, जबकि पूरी टीम को इस योजना की जानकारी थी।
उस टेस्ट मैच में शामिल रहे गेंदबाजों जोश हेजलवुड, मिचेल स्टार्क, नाथन लियोन और पैट कमिंस ने पहले कहा था कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं थी। ख्वाजा के नए दावों के बाद इन खिलाड़ियों की आलोचना हो रही है। इसी पर प्रतिक्रिया देते हुए पैट कमिंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर लिखा, “मैं कल सुबह शील्ड मैच में ब्लूज की ओर से खेलने से पहले क्रिकेट सेंट्रल में अभ्यास करूंगा। सुबह 9:30 बजे इस सप्ताह की घटनाओं के बारे में मीडियाकर्मियों से बात करने में मुझे खुशी होगी। मैंने उजी (ख्वाजा) के आरोपों की लंबी सूची और उनकी पूरी गंभीरता को बेहतर ढंग से समझने के लिए कुछ समय लिया है, ताकि मैं उचित जवाब दे सकूं।”