कैश एप के फाउंडर बॉब ली की हत्या मामले में दोषी नीमा मोमेनी को उम्रकैद की सजा

Share

- Advertisement -

San Francisco News: कैश एप के संस्थापक बॉब ली की चाकू मारकर हत्या करने के मामले में सैन फ्रांसिस्को की अदालत ने दोषी टेक कंसल्टेंट नीमा मोमेनी को 16 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा सुनाई है। जूरी द्वारा सेकंड-डिग्री मर्डर का दोषी ठहराए जाने के बाद कोर्ट ने मोमेनी की नए सिरे से ट्रायल की मांग को खारिज करते हुए यह फैसला सुनाया।

अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को में कैश एप (Cash App) के संस्थापक बॉब ली की सनसनीखेज हत्या के मामले में अदालत ने दोषी टेक कंसल्टेंट नीमा मोमेनी को 16 साल से लेकर उम्रकैद तक की सजा सुनाई है। मंगलवार को सैन फ्रांसिस्को सुपीरियर कोर्ट ने मोमेनी के आत्मरक्षा के दावे को पूरी तरह नकारते हुए सजा का ऐलान किया।

कोर्ट ने खारिज की नए ट्रायल की याचिका

सजा सुनाए जाने से पहले सैन फ्रांसिस्को सुपीरियर कोर्ट की जज एलेक्जेंड्रा गार्डन ने मोमेनी की ओर से नए सिरे से ट्रायल चलाने की मांग वाली याचिका को खारिज कर दिया। वहीं, मोमेनी के वकीलों ने स्पष्ट किया है कि वे इस अदालती फैसले के खिलाफ ऊपरी अदालत में अपील दायर करेंगे।

उल्लेखनीय है कि चार अप्रैल 2023 को बॉब ली की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। इस घटना के नौ दिन बाद पुलिस ने नीमा मोमेनी को गिरफ्तार किया था और तब से वह लगातार हिरासत में है। दिसंबर 2024 में एक जूरी ने मोमेनी को सेकंड-डिग्री मर्डर का दोषी ठहराया था और उसके आत्मरक्षा के तर्क को सिरे से खारिज कर दिया था।

अदालत में भावुक हुआ परिवार, बेटी ने सीधे दोषी से कही बात

सजा सुनाए जाने के दौरान अदालत में बॉब ली के परिवार के सदस्यों ने अपना पक्ष रखा। ली की 18 वर्षीय बेटी स्काउट ली ने अदालत में सीधे मोमेनी को संबोधित करते हुए कहा कि उसने सिर्फ एक इंसान की जान ही नहीं ली, बल्कि उससे जुड़े पूरे भविष्य को ही समाप्त कर दिया।

दूसरी तरफ, अदालत में नीमा मोमेनी अपने पुराने रुख पर ही अड़ा रहा और उसने दावा किया कि उसने यह कदम आत्मरक्षा में उठाया था। हालांकि उसने ली के परिवार के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि वह उनके नुकसान को समझता है, लेकिन जो कुछ भी हुआ, उसे लेकर दोनों पक्षों की समझ पूरी तरह से अलग है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News