कुल्लू में जापानी फल के दाम से खिले बागवानों के चेहरे, मंडियों में ₹250 प्रति किलो तक बिक रही फसल

Share

- Advertisement -

Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में सेब के बाद अब जापानी फल (पर्सिमोन) का सीजन भी अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। इस साल मंडियों में जापानी फल को 150 से 250 रुपये प्रति किलो तक के बेहतरीन दाम मिले हैं। भुंतर सब्जी मंडी में ए-ग्रेड फल 200 रुपये प्रति किलो तक बिका है, जिससे उत्साहित होकर बागवान अब तेजी से इसकी खेती की ओर रुख कर रहे हैं।

कुल्लू जिले में सेब सीजन खत्म होने के बाद अब जापानी फल (पर्सिमोन) का सीजन भी अंतिम पड़ाव पर पहुंच चुका है। बाजार में इस साल फल के बेहतरीन दाम मिलने से घाटी के बागवान काफी खुश हैं। पूरे सीजन में जापानी फल 150 रुपये से लेकर 250 रुपये प्रति किलो तक बिका। हालांकि अब मंडियों में इसकी आवक काफी घट गई है, लेकिन आपूर्ति कम होने के चलते बागवानों को अंतिम दौर में भी शानदार भाव मिल रहे हैं।

जिला कुल्लू की भुंतर सब्जी मंडी में बुधवार को जापानी फल के ए-ग्रेड को 200 रुपये प्रति किलो और बी-ग्रेड को 165 रुपये प्रति किलो का भाव मिला। अच्छे मुनाफे को देखते हुए अब जिले में सेब के विकल्प और पूरक के तौर पर जापानी फल की बागवानी का दायरा बढ़ रहा है।

नेट में सुरक्षित रखा फल अब मंडियों में ला रहे उत्पादक

घाटी के कई समझदार बागवानों ने फसल को अधिक समय तक सुरक्षित रखने और बाद में बेहतर दामों पर बेचने के लिए नेट के अंदर स्टोर किया था। अब वे धीरे-धीरे इस फल को निकालकर मंडियों तक पहुंचा रहे हैं। इसके अलावा ऊंचे क्षेत्रों में अभी भी पेड़ों पर फल मौजूद है, जिसे बागवान दिसंबर महीने में तोड़कर बाहरी राज्यों की मंडियों में भेजने की तैयारी कर रहे हैं।

बागवान योगराज ठाकुर के अनुसार, स्थानीय नर्सरियों में जापानी फल के पौधों की मांग पिछले कुछ वर्षों में काफी बढ़ी है। बाजार में लगातार मिल रहे अच्छे भावों के कारण लोग अपने बगीचों में इसके पौधे तेजी से लगा रहे हैं।

पिछले साल से बेहतर रहा कारोबार, 7 से 8 फीसदी आवक बाकी

कुल्लू फल उत्पादक मंडल के प्रधान प्रेम शर्मा ने बताया कि यह सीजन उत्पादकों के लिए बेहद फायदेमंद साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि सीजन अब लगभग समाप्त हो चुका है और केवल सात से आठ फीसदी फसल की आवक ही शेष है, जिसके भी अच्छे दामों पर बिकने की उम्मीद है।

भुंतर के बागवान भानु शर्मा ने बताया कि पिछले साल के मुकाबले इस बार का सीजन काफी बेहतर रहा। शुरुआत में दाम सामान्य थे, लेकिन गुणवत्ता और ग्रेडिंग के आधार पर बिक्री शुरू होते ही भाव में तेजी आई और विभिन्न सब्जी मंडियों में फल 200 से 250 रुपये प्रति किलो तक बिका।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News