सोनिया गांधी की किताब पर जेडीयू का पलटवार, संजय झा बोले- नीतीश कुमार पर हल्की टिप्पणी कर रही कांग्रेस

Share

- Advertisement -

Patna News: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को लेकर किए गए दावों पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कड़ा ऐतराज जताते हुए कहा कि विपक्षी गठबंधन की नींव नीतीश कुमार ने रखी थी, लेकिन कांग्रेस अपने स्तर से गिरकर वरिष्ठ नेताओं पर अमर्यादित टिप्पणियां कर रही है।

सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘Belonging: A Journey of Love’ इन दिनों राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई है। किताब में राजनीतिक जीवन का उल्लेख करते हुए सोनिया गांधी ने दावा किया है कि नीतीश कुमार ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन से बाहर निकलने का रास्ता तलाश रहे थे और वह भाजपा के नियंत्रण में थे। साथ ही यह भी लिखा गया है कि नीतीश कुमार बेहद कमजोर वजहों से बैठक से बाहर चले गए थे। इस पर अब जनता दल (यूनाइटेड) ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।

नीतीश कुमार ने रखी थी गठबंधन की नींव: संजय झा

किताब में किए गए दावों पर नाराजगी जताते हुए जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि कांग्रेस में वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ हल्की और स्तरहीन टिप्पणी करने की नई संस्कृति आ गई है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने अपने सार्वजनिक जीवन के 50 साल देश और समाज की सेवा में समर्पित किए हैं। वे आपातकाल के दौरान दो साल तक जेल में रहे और आज बिहार में जो भी सकारात्मक बदलाव दिख रहा है, वह नीतीश कुमार की ही देन है।

संजय झा ने स्पष्ट किया कि ‘इंडिया’ गठबंधन की पहली बैठक पटना में हुई थी और नीतीश कुमार ने ही पूरे देश में घूम-घूम कर विभिन्न विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने का काम किया था। लोग नीतीश कुमार की विश्वसनीयता और विश्वास के आधार पर गठबंधन से जुड़े थे, न कि कांग्रेस के भरोसे।

‘सिर्फ पीएम मोदी को गाली देना था उद्देश्य’

जेडीयू नेता ने विपक्षी बैठकों के आंतरिक माहौल पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस समय गठबंधन में शामिल दलों के पास देश के विकास के लिए कोई सकारात्मक सोच या उद्देश्य नहीं था। बैठकों में सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने और बयानबाजी करने तक ही चीजें सीमित थीं। उन्होंने यह भी कहा कि नीतीश कुमार जब विभिन्न राज्यों में क्षेत्रीय नेताओं से मिलने गए थे, तब कई दलों ने स्पष्ट कहा था कि गठबंधन बने लेकिन उसमें कांग्रेस शामिल न हो।

संजय झा ने कांग्रेस कार्यसमिति (सीडब्ल्यूसी) की बैठक का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने खुद स्वीकार किया था कि नीतीश कुमार को गठबंधन से बाहर जाने से रोका जाना चाहिए था। ऐसे में सोनिया गांधी की किताब में नीतीश कुमार की भूमिका को कमतर आंकना और उन पर बेबुनियाद आरोप लगाना पूरी तरह अनुचित है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News