अनंत सिंह के समधी रणविजय सिंह बोले- विधायक की सादगी और हाजिरजवाबी ने जीता दिल, 25 नवंबर को होगी शादी

Share

- Advertisement -

Bihta News: मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह की छोटी बेटी शिवांगी सिंह के होने वाले ससुर रणविजय सिंह ने अपने समधी की साफगोई, सादगी और शालीनता की खुलकर सराहना की है। बिहटा में बहू के स्वागत के लिए बनाए गए नए घर के गृह प्रवेश के मौके पर उन्होंने कहा कि इस रिश्ते से उनका परिवार और पूरा इलाका गौरवान्वित महसूस कर रहा है। दोनों परिवारों में आगामी 25 नवंबर को होने वाले वैवाहिक कार्यक्रम की तैयारियां व्यापक स्तर पर चल रही हैं।

सीआरपीएफ अधिकारी रणविजय सिंह ने बताया कि उनके बेटे ऋषिकेश कुमार और शिवांगी सिंह का रिश्ता तय होने के बाद से परिवार में खुशी का माहौल है। अमेरिका की एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में कार्यरत ऋषिकेश शादी के सिलसिले में बिहटा पहुंच चुके हैं। होने वाली बहू की प्रशंसा करते हुए रणविजय सिंह ने कहा कि शिवांगी उच्च शिक्षित हैं और उन्होंने दिल्ली से एमबीए की पढ़ाई पूरी की है।

‘भगवान ने बनाई है दोनों की जोड़ी’

रिश्ता तय होने के संदर्भ में रणविजय सिंह ने कहा कि यह जोड़ी ईश्वर द्वारा निर्धारित थी और प्रस्ताव मिलते ही उन्होंने तुरंत सहमति दे दी थी। होने वाले दामाद को शादी के उपहार के रूप में डिफेंडर कार मिलने से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स पर उन्होंने कहा कि उन्हें इस संबंध में जानकारी मीडिया के जरिए ही मिली है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि उन्होंने स्वयं भी अपनी बहू के स्वागत के लिए नया घर तैयार करवाया है।

अनंत सिंह के अंदाज और संवाद की प्रशंसा

विधायक अनंत सिंह से मुलाकातों के अपने अनुभवों को साझा करते हुए रणविजय सिंह ने कहा कि उनके जैसा सटीक और हाजिरजवाब व्यक्ति उन्होंने जीवन में नहीं देखा। सोशल मीडिया पर चर्चित अनंत सिंह के साक्षात्कारों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि विधायक का सहज और देसी अंदाज उन्हें बेहद प्रभावित करता है। विशेष रूप से बातचीत के दौरान जिस तरह वे ‘बढ़िया’ शब्द का उपयोग करते हैं, वह सुनने में काफी आकर्षक और प्रभावशाली लगता है।

20 नवंबर को तिलक और 25 को विवाह समारोह

पारिवारिक कार्यक्रम के अनुसार, 20 नवंबर को तिलक समारोह आयोजित होगा, जिसके लिए अनंत सिंह अपने परिजनों के साथ लड़के वालों के यहां पहुंचेंगे। इसके बाद 25 नवंबर को बिहटा से बारात लदमा गांव के लिए प्रस्थान करेगी। विवाह समारोह को लेकर लदमा में कई बीघे में भव्य पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है, जहां भारी संख्या में अतिथियों के जुटने की संभावना है। इसी दिन शाम को विवाह से पूर्व दोपहर में अनंत सिंह और नीलम देवी के छोटे बेटे अभिनव कुमार का जनेऊ संस्कार भी संपन्न किया जाएगा।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News