Sirmaur News: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। शिलाई-रोहनाट सड़क पर भटनोल के पास एक ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में एसडीएम कार्यालय शिलाई में क्लर्क के पद पर कार्यरत सोहन सिंह और उनके 7 वर्षीय बेटे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी 11 साल की बेटी सुरक्षित बच गई है।
रात भर खाई में रही घायल बेटी, सुबह गांव पहुंचकर दी सूचना
जानकारी के अनुसार, यह हादसा 1 नवंबर की रात करीब 11:00 बजे हुआ जब सोहन सिंह अपने बच्चों के साथ घर की ओर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद कार में सवार 11 वर्षीय बेटी रात भर खाई में ही रही। सोमवार सुबह एसडीएम शिलाई जसपाल, प्रशासनिक टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर ड्रोन की मदद से सघन खोज अभियान चलाया। करीब 4 से 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पता चला कि हादसे के बाद होश में आने पर बच्ची खुद चलकर पास के एक नजदीकी गांव पहुंच गई थी, जहां वह सुरक्षित है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।