झिलमिल में छेनू गैंग के गैंगस्टर मुमताज का जुआ सिंडिकेट बेनकाब, 32 गिरफ्तार और 30 लाख कैश बरामद

Share

- Advertisement -

Delhi News: दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने शाहदरा के झिलमिल औद्योगिक क्षेत्र में चल रहे एक बड़े जुआ सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। कुख्यात गैंगस्टर छेनू पहलवान के शूटर मुमताज समेत 32 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है। मौके से 30 लाख रुपये नकद और कसीनो चिप्स बरामद किए गए हैं। वहीं, औद्योगिक क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार को लेकर स्थानीय थाना पुलिस भी सवालों के घेरे में आ गई है।

नई दिल्ली। कुख्यात गैंगस्टर छेनू पहलवान गिरोह के सक्रिय शूटर और हिस्ट्रीशीटर मुमताज द्वारा शाहदरा के झिलमिल औद्योगिक क्षेत्र में चलाए जा रहे हाई-प्रोफाइल जुआ रैकेट का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। शाहदरा जिला पुलिस, उत्तर-पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ और एएटीएस (AATS) की संयुक्त टीम ने शनिवार देर रात एक फैक्ट्री की पहली मंजिल पर छापेमारी कर गैंगस्टर मुमताज समेत कुल 32 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से करीब 30 लाख रुपये की नकदी, सट्टे में इस्तेमाल होने वाले कसीनो चिप्स और अन्य उपकरण जब्त किए हैं।

शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) आरपी मीणा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विशेष टीमों का गठन कर यह संयुक्त कार्रवाई की गई। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में मुख्य संचालक मुमताज (निवासी सीलमपुर) के अलावा रविंद्र, राशिद, राधे मेहता, ऋषि पाल, दीपक, गौरव चौधरी, मोबिन, अबरार, नरेंद्र सिंह, रवि कुमार, मुज़म्मिल, अक्षय अरोड़ा, सचिन गर्ग, अजय, साहिल, संतोष, चेतन, संतोष कुमार, विकास, रिजवान खान, सफदर, शेर मोहम्मद, रोकेन्द्र, कैलाश चंद, रणजीत कुमार, कल्याण सिंह, राजीव चौहान, देवनाथ, आरिफ, ननुआ, कपिल चौधरी, वसीम, अनिल और अरशान खान शामिल हैं।

सीसीटीवी और खुफिया खिड़की से रखी जाती थी निगरानी

पुलिस जांच में सामने आया है कि मुमताज ने यह परिसर एक वैध फैक्ट्री संचालित करने के नाम पर किराये पर लिया था, लेकिन पहली मंजिल पर गुप्त तरीके से जुए का बड़ा अड्डा तैयार कर रखा था। अड्डे की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

आसपास आने-जाने वाले लोगों और पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए बाहर हाई-डेफिनिशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे। इसके अलावा मुख्य लोहे के गेट पर एक छोटी खिड़की बनाई गई थी। किसी भी बाहरी व्यक्ति को सीधे प्रवेश की अनुमति नहीं थी। मुमताज के सुरक्षाकर्मी पहले खिड़की से आगंतुक की पहचान करते थे और यह पूछते थे कि उसे किसने भेजा है। तसल्ली होने के बाद ही अंदर जाने दिया जाता था। अड्डे के भीतर जुआरियों के लिए शराब और अन्य ऐशो-आराम की पूरी व्यवस्था की गई थी।

स्थानीय जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस की भूमिका पर सवाल

औद्योगिक क्षेत्र में महीनों से चल रहे इस संगठित जुआ रैकेट के खुलासे के बाद स्थानीय जीटीबी एन्क्लेव थाना पुलिस की भूमिका गंभीर सवालों के घेरे में आ गई है। एक नामी गैंगस्टर इतने बड़े स्तर पर अवैध गतिविधियां चला रहा था और स्थानीय बीट स्टाफ या थाने को इसकी भनक न लगने पर सवाल उठ रहे हैं।

सूत्रों का आरोप है कि इस अवैध अड्डे को निर्बाध चलाने के लिए स्थानीय स्तर पर मोटी रकम खर्च की जा रही थी। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस पहलू की आंतरिक जांच शुरू कर दी गई है और यदि किसी पुलिसकर्मी की संलिप्तता पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक व कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि पिछले वर्ष भी उत्तर-पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ ने मुमताज को सीलमपुर क्षेत्र में जुए के अड्डे से पकड़ा था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News