New Delhi News: हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस टूर्नामेंट में भारतीय टीम का निराशाजनक प्रदर्शन जारी है। यूएई और पाकिस्तान के बाद भारत को बाउल सेमीफाइनल में इंग्लैंड के हाथों 3 रन से नजदीकी हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड के 124 रनों के जवाब में भारतीय टीम 6 ओवरों में 4 विकेट खोकर 121 रन ही बना सकी।
हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस में भारतीय क्रिकेट टीम को लगातार तीसरे मुकाबले में शिकस्त झेलनी पड़ी है। यूएई और पाकिस्तान से हारने के बाद टीम इंडिया को इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए बाउल सेमीफाइनल मैच में 3 रन से पराजय मिली। इस हार के साथ ही भारतीय टीम टूर्नामेंट में ग्रुप सी की अंक तालिका में सबसे निचले स्थान पर खिसक गई है।
मार्टिन एंडरसन की तूफानी पारी से इंग्लैंड ने बनाए 124 रन
टॉस जीतकर भारतीय टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पारी के दूसरे ओवर में गेंदबाज राहुल त्रिपाठी ने इंग्लैंड के कप्तान जॉन सिम्पसन को क्रुणाल पांड्या के हाथों कैच कराकर पहली सफलता दिलाई। हालांकि, इसके बाद सलामी बल्लेबाज मार्टिन एंडरसन ने आक्रामक रुख अपनाते हुए 13 गेंदों में 3 चौके और 6 छक्कों की मदद से 51 रन बनाए और अर्धशतक पूरा करने के बाद रिटायर्ड हर्ट हुए। इसके बाद एड बर्नार्ड ने नाबाद 35 रन और ल्यूक हॉलमैन ने 13 रनों का योगदान दिया, जिसकी बदौलत इंग्लैंड ने 6 ओवरों में 2 विकेट पर 124 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया।
राहुल त्रिपाठी का अर्धशतक बेकार, अंतिम ओवर में चूकी टीम इंडिया
125 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और सलामी बल्लेबाज नीतीश राणा जल्दी पवेलियन लौट गए। इसके बाद ओपनिंग करने आए शशांक सिंह ने राहुल त्रिपाठी के साथ मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच 15 गेंदों में 74 रनों की तेज साझेदारी हुई। शशांक सिंह 9 गेंदों में 4 छक्कों और 1 चौके की बदौलत 29 रन बनाकर आउट हुए।
राहुल त्रिपाठी ने 14 गेंदों में नाबाद 56 रनों की पारी खेली। मैच के अंतिम ओवर में भारत को जीत के लिए 18 रनों की दरकार थी। कप्तान क्रुणाल पांड्या ने 7 गेंदों में 28 रन बनाए और आखिरी ओवर में एक चौका व एक छक्का लगाकर जीत की उम्मीद जगाई, लेकिन टीम निर्धारित 6 ओवरों में 4 विकेट पर 121 रन ही बना सकी और मैच 3 रन से गंवा दिया।