Mandi News: नगर निगम मंडी के वार्ड नंबर-9 पैलेस कॉलोनी में मंगलवार को गणपति मंदिर परिसर में वार्ड सभा का आयोजन किया गया। महापौर एवं वार्ड पार्षद सुमन ठाकुर की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में वार्ड के विकास कार्यों, स्वच्छता व्यवस्था और स्थानीय समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने के लिए शहर के चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर जल्द कैमरे लगाने का निर्णय लिया गया है।
वार्ड सभा में कमेटियों का गठन और प्रमुख समस्याएं
सभा के दौरान वार्ड विकास कमेटी और स्वच्छता कमेटी सहित अन्य महत्वपूर्ण समितियों का गठन किया गया। इस अवसर पर स्थानीय लोगों ने स्वच्छता व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, पार्किंग, बेसहारा पशुओं और ड्रेनेज से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। महापौर सुमन ठाकुर ने सभी की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के समन्वय से चरणबद्ध तरीके से समाधान करवाने का आश्वासन दिया। इसके अलावा, सत्यापन के उद्देश्य से परिवार रजिस्टर से संबंधित छायाप्रतियां भी सभा के समक्ष प्रस्तुत की गईं।
सरकारी योजनाओं की जानकारी और नशा निवारण पर जोर
महापौर ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जन-जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। सभा के दौरान हॉर्टिकल्चर विभाग से प्रेम ठाकुर और कृषि विभाग से बीरी सिंह ने अपने-अपने विभागों की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी, जिससे वार्डवासी लाभाविन्त हो सकें। इस मौके पर वार्ड सचिव ऋषभ मृगपुरी, एसबीएम कोऑर्डिनेटर विशाल, अमित, सफाई निरीक्षक सतीश, सीताराम, रीता रानी, योगिता, वरुण भारद्वाज सहित नगर निगम के अन्य कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी उपस्थित रहे।