बैजनाथ के युवक ने इंटरनेट मीडिया पर अफवाहों से आहत होकर निगला जहरीला पदार्थ, पीजीआई में उपचार के दौरान मौत

Share

- Advertisement -

Kangra News: सेना की वर्दी पहनकर फोटो खिंचवाने और कैंटीन कार्ड होने के मामले में घिरे बैजनाथ के एक युवक ने इंटरनेट मीडिया पर उड़ रही अफवाहों से आहत होकर जहरीला पदार्थ निगल लिया। उपचार के दौरान पीजीआई ले जाते समय रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।

क्या था पूरा मामला और पुलिस जांच

अर्पण कटोच (31), जो कसौली के एक होटल में तंदूर पर कार्य करता था, से जुड़ा यह मामला कुछ दिन पहले चर्चा में आया था। इंटरनेट मीडिया पर उसकी सेना की वर्दी में तस्वीरें और कैंटीन कार्ड होने को लेकर तमाम तरह की बातें फैलाई जा रही थीं। हालांकि, पुलिस जांच में यह स्पष्ट हो गया था कि उसने यह वर्दी केवल शौक के लिए पहनी थी और उस कैंटीन कार्ड का इस्तेमाल किसी भी कैंटीन या टोल प्लाजा पर नहीं किया गया था। इस मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार नहीं किया था, बल्कि केवल पूछताछ कर उसकी काउंसलिंग करके छोड़ दिया था। होटल स्टाफ के अनुसार भी अर्पण एक शरीफ युवक था।

अस्पताल में उपचार के दौरान हुई मौत

इंटरनेट मीडिया पर मामला उछलने और अफवाहें फैलने के कारण अर्पण मानसिक रूप से काफी आहत था। इसी तनाव के चलते उसने दो दिन पहले जहरीला पदार्थ निगल लिया था। परिजनों ने उसे तुरंत एमएमयू अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए कल शाम उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया, जिसके बाद परिजन उसका शव वापस घर ले आए। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है और आत्महत्या के सटीक कारणों की गहन जांच की जा रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News