Shimla News: हिमाचल प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सवर्ण आयोग के गठन की मांग का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक वर्ग को अपनी बात रखने और अपनी समस्याएं सरकार तक पहुंचाने के लिए एक उचित मंच मिलना चाहिए।
सभी वर्गों को मिलना चाहिए अपनी बात रखने का मंच
शिमला ग्रामीण में ‘खेल महाकुंभ 2026’ के शुभारंभ के दौरान विक्रमादित्य सिंह ने सवर्ण आयोग के गठन को लेकर राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के समर्थन के सवाल पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रदेश में अनुसूचित जातियों, जनजातीय क्षेत्रों, किसानों, बागवानों और ओबीसी वर्ग के लिए अलग-अलग बोर्ड बने हुए हैं, उसी तरह अन्य वर्गों को भी अपनी शिकायतें दर्ज कराने और अपनी आवाज उठाने के लिए मंच मिलना चाहिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार संविधान के दायरे में रहकर ही कोई निर्णय ले सकती है और सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास होना चाहिए ताकि प्रदेश का हर नागरिक आगे बढ़ सके। उन्होंने यह भी कहा कि वह विधानसभा के भीतर और बाहर हमेशा अपनी बात मजबूती से रखते हैं तथा सही का समर्थन और गलत का विरोध करना उनका हमेशा प्रयास रहता है।
खेल महाकुंभ 2026 में लगभग 10,000 युवा लेंगे हिस्सा
इस दौरान खेल महाकुंभ 2026 की जानकारी देते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि शिमला ग्रामीण में 25 अक्टूबर से 15 नवंबर तक विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस भव्य आयोजन में युवा, महिलाएं और बुजुर्गों समेत करीब 9,500 से 10,000 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं को नशे के खिलाफ एक सकारात्मक संदेश देना है। इस महाकुंभ में क्रिकेट, कबड्डी, वॉलीबॉल और रस्साकशी जैसी पारंपरिक प्रतियोगिताओं के अलावा बॉक्सिंग को भी शामिल किया गया है, जिसके कुछ मुकाबले सुन्नी में आयोजित किए जाएंगे। इन मुकाबलों में विशेष तौर पर स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।