Delhi News: देश के छह राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति को लेकर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। राष्ट्रपति भवन से जारी ताजा सूची के अनुसार ओम प्रकाश माथुर, राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, बृज मोहन राम, डॉ. सुधा यादव, डॉ. ढाल सिंह बिसेन और दुष्यंत गौतम को नई संवैधानिक जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
इस नए प्रशासनिक फेरबदल में डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक का राज्यपाल बनाया गया है, जो एकमात्र महिला नियुक्ति हैं। केंद्र सरकार ने राज्यों में प्रशासनिक संतुलन और संगठनात्मक अनुभव को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। इन सभी नेताओं का लंबा राजनीतिक और संगठनात्मक अनुभव रहा है।
जारी आदेशों के अनुसार वरिष्ठ नेता ओम प्रकाश माथुर को केरल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को तमिलनाडु, बृज मोहन राम को ओडिशा, डॉ. सुधा यादव को कर्नाटक, डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड और दुष्यंत गौतम को सिक्किम राज्य के राज्यपाल पद की जिम्मेदारी मिली है।
ओम प्रकाश माथुर राजस्थान के पाली जिले से आते हैं और जुलाई 2024 में सिक्किम के राज्यपाल थे। वहीं गोवा के निवासी राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर पहले हिमाचल और बिहार के राज्यपाल रह चुके हैं। जनवरी 2025 में उन्होंने केरल के राज्यपाल का पद संभाला था, जिन्हें अब तमिलनाडु भेजा गया है।
झारखंड के पलामू से पूर्व सांसद रहे बृज मोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल बनाया गया है। पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव हरियाणा के रेवाड़ी से हैं और वे भाजपा संसदीय बोर्ड की सदस्य भी रही हैं। मध्य प्रदेश से चार बार विधायक रहे डॉ. ढाल सिंह बिसेन को उत्तराखंड का दायित्व सौंपा गया है।
पूर्व राज्यसभा सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव रहे दुष्यंत गौतम को सिक्किम का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राज्य के संवैधानिक प्रमुख के रूप में राज्यपालों की यह नियुक्ति बेहद अहम मानी जा रही है। इन बदलावों के बाद संबंधित राज्यों के राजभवनों में नया नेतृत्व देखने को मिलेगा।
