Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मानसून की रवानगी के साथ ही प्रमुख पर्यटक स्थलों पर सैलानियों की आवाजाही तेजी से बढ़ गई है। गांधी जयंती की छुट्टी और सप्ताहांत के चलते मैदानी क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मनाली और शिमला पहुंचे हैं। मौसम सुहावना होने के कारण होटल कारोबार में भी अच्छी उछाल देखी जा रही है।
शुक्रवार रात मनाली के प्रवेश द्वार से लेकर मॉल रोड, सोलंगनाला और अटल टनल मार्ग पर वाहनों का भारी दबाव रहा। पर्यटकों की भीड़ के कारण सड़कों पर कई किलोमीटर लंबा जाम लग गया। लोग घंटों अपनी गाड़ियों में फंसे रहे। हालांकि स्थानीय प्रशासन के प्रयासों से शनिवार सुबह सड़कों पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह सामान्य हो सकी।
आंकड़ों के अनुसार केवल दो दिनों के भीतर चार हजार से अधिक पर्यटक वाहन और लगभग 150 वोल्वो बसें मनाली पहुंची हैं। सैलानियों ने रोहतांग, सिस्सू और लाहौल घाटी के खूबसूरत प्राकृतिक नजारों का आनंद लिया। मानसून के लंबे सन्नाटे के बाद पर्यटन स्थलों पर लौटी इस चहल-पहल से स्थानीय व्यापारी और होटल संचालक बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं।
सैलानियों की रिकॉर्ड संख्या से मनाली और शिमला के होटलों में कमरों की बुकिंग 70 प्रतिशत तक पहुंच गई है। होटलियर एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर ने बताया कि क्षेत्र में शीतकालीन पर्यटन सत्र की शानदार शुरुआत हो चुकी है। वहीं शिमला होटलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने उम्मीद जताई है कि सप्ताहांत में पर्यटकों का यह आंकड़ा और बढ़ेगा।
हिमाचल प्रदेश से आज मानसून की पूरी तरह विदाई होने की संभावना जताई गई है। हालांकि शनिवार सुबह शिमला और मनाली दोनों शहरों में गाड़ियों की आवाजाही सुचारू रही। पुलिस प्रशासन ने अंदेशा जताया है कि शनिवार शाम को मैदानी इलाकों से आने वाले नए पर्यटक वाहनों के कारण सड़कों पर यातायात का दबाव एक बार फिर बढ़ सकता है।