Jhansi News: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में श्राद्ध अनुष्ठान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मऊरानीपुर क्षेत्र की सुखनई नदी में स्नान करते वक्त गहरे पानी में डूबने से पांच लोगों की जान चली गई। मृतकों में पिता और उनके नाबालिग बेटे सहित एक ही परिवार के पांच सदस्य शामिल हैं।
एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में हुआ दर्दनाक हादसा
मऊरानीपुर के देवी सिंहपुर गांव निवासी परिजन अपने पूर्वजों के तर्पण के लिए नदी तट पर पहुंचे थे। पूजा संपन्न होने के बाद लोग जल में उतरे। अचानक तेज बहाव में कुछ लोग फिसलकर गहरे जल में चले गए। बाकी लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन सभी गहरे भंवर में समा गए।
पुलिस और गोताखोरों की टीम ने बाहर निकाले शव
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े और स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तुरंत राहत अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद सभी पांचों लोगों को बाहर निकाला गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि मृतकों में 40 वर्षीय अनूप तिवारी और उनका 12 वर्षीय पुत्र अर्पित शामिल हैं। इसके अलावा रिश्तेदार अभिनव, श्रेयांश और पुष्कर की भी डूबने से मौत हुई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।