Lucknow News: नीट पेपर लीक और छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में दिल्ली में विपक्षी नेताओं के प्रदर्शन के बाद उत्तर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। जंतर-मंतर पर चल रहे आंदोलन के मद्देनजर डीजीपी राजीव कृष्ण ने सभी जिलों में कड़ी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।
डीजीपी का सख्त निर्देश, तय स्थलों पर ही होंगे प्रदर्शन
डीजीपी राजीव कृष्ण ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि धरना-प्रदर्शन की अनुमति केवल पूर्व निर्धारित स्थलों पर ही दी जाए। कानून के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की ही इजाजत होगी। माहौल खराब करने या नियमों का उल्लंघन करने वाले तत्वों से पुलिस सख्ती से निपटेगी।
दिल्ली में कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस नेता नजरबंद
दिल्ली में पीएम आवास की ओर मार्च कर रहे राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने के विरोध में प्रदर्शन की तैयारी कर रहे यूपी के कई वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं को मंगलवार देर रात उनके घरों पर नजरबंद कर दिया गया। कांग्रेस ने इस कार्रवाई को अलोकतांत्रिक और दुर्भावनापूर्ण करार दिया है।
अखिलेश यादव की हिरासत पर प्रयागराज में भड़के सपाई
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को दिल्ली में हिरासत में लिए जाने की खबर मिलते ही प्रयागराज के सुभाष चौराहे पर सपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। आक्रोशित सपाइयों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला फूंका और नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच तीखी बहस हुई।
पुलिस ने चौराहों को बनाया छावनी, सपाई बोले- दमन बर्दाश्त नहीं
प्रदर्शन के दौरान प्रयागराज का सुभाष चौराहा करीब दो घंटे तक छावनी में तब्दील रहा। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए तानाशाही रवैया अपना रही है। हालांकि देर रात अखिलेश यादव को रिहा कर दिए जाने के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।