Hathras News: हाथरस के विजयनगर इलाके से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला अपने बीमार पति अशोक कुमार को कमरे में बंद कर बाहर से ताला जड़कर अपने मायके चली गई।
महिला जाते समय केवल 4 दिनों का खाना बनाकर गई थी। खाना खत्म होने के बाद पिछले 10 दिनों से पीड़ित के रिश्तेदार खिड़की के रास्ते उन्हें रोटी और पानी पहुंचाते रहे। पत्नी के खौफ की वजह से किसी ने ताला नहीं तोड़ा।
खिड़की के सहारे बीते दिन, पुलिस को देखते ही कांपे बुजुर्ग
पीड़ित शिक्षक अशोक कुमार का कहना है कि उनकी पत्नी अक्सर उन्हें इस तरह बंद करके चली जाती है। आसपास के लोग कानूनी पचड़ों और महिला के गुस्से के डर से ताला खोलने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहे थे।
घटना के 8वें दिन एक पड़ोसी ने हिम्मत दिखाकर पुलिस को सूचना दी। जब पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ताला तोड़ने लगी, तो अंदर बंद बुजुर्ग डर के मारे पुलिस से ही ताला न तोड़ने की गुहार लगाने लगे।
पुलिस ने कराया मुक्त, कानूनी कार्रवाई से पीड़ित का इनकार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत ताला तोड़कर बुजुर्ग शिक्षक को सुरक्षित बाहर निकाला। डीएसपी हिमांशु माथुर ने बताया कि पीड़ित को कमरे से बाहर निकालकर प्राथमिक राहत पहुंचा दी गई है।
बुजुर्ग शिक्षक फिलहाल अपनी पत्नी के घर लौटने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपनी पत्नी के खिलाफ किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से साफ इनकार कर दिया है।