गंगा पुल चेकपोस्ट पर सड़े सेबों की आड़ में लाई जा रही 64 लाख की अवैध शराब जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार

Share

- Advertisement -

Patna News: उत्पाद विभाग की टीम ने गंगा पुल चेकपोस्ट पर रविवार रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सड़े-गले सेबों की आड़ में ले जाई जा रही 64 लाख रुपये की चंडीगढ़ निर्मित ब्रांडेड शराब जब्त की है। पुलिस ने शराब लदे ट्रक के साथ चालक समेत दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

उत्पाद अधीक्षक अशरफ जमाल के अनुसार उत्पाद निरीक्षक कुंदन कुमार, संतोष कुमार पाठक और प्रिंस कुमार की टीम गंगा पुल चेकपोस्ट पर उत्तर प्रदेश से आने वाले वाहनों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान यूपी की तरफ से आ रहे हिमाचल प्रदेश के एक डीसीएम ट्रक को रोककर तलाशी ली गई।

शुरुआती जांच में ट्रक पर सिर्फ सेब की पेटियां रखी हुई दिखाई दीं। लेकिन जब टीम ने पेटियों को खोलकर देखा तो अंदर सड़े-गले सेब देखकर उन्हें संदेह हुआ। इसके बाद ऊपर रखी पेटियों को हटाया गया तो नीचे छिपाकर रखे गए शराब के बड़े-बड़े कार्टन बरामद हुए।

टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कुल 597 कार्टन से 5301 लीटर चंडीगढ़ निर्मित अवैध शराब और ट्रक को जब्त कर लिया। इसके साथ ही मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हिमाचल प्रदेश के राजगढ़ निवासी ड्राइवर विनोद कुमार और सोलन निवासी मोहन सिंह के रूप में हुई है।

कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि वे सेब की खेप की आड़ में हिमाचल प्रदेश से यह शराब लेकर आ रहे थे। इस पूरी अवैध खेप को बिहार के पूर्णिया जिले में डिलीवर किया जाना था। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आगे की जांच में जुटी है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News