Washington News: अमेरिकी सेना की सदर्न कमांड ने पूर्वी प्रशांत महासागर में बड़ा अभियान चलाते हुए इक्वाडोर से जुड़े संदिग्ध जहाज को समुद्र में नष्ट कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक यह पोत कुख्यात आपराधिक गिरोह ‘लॉस चोनेरोस’ के तस्करी जहाजों को ईंधन आपूर्ति कर रहा था। अमेरिका लैटिन अमेरिकी समुद्री क्षेत्र में अवैध नेटवर्क के खिलाफ आक्रामक कार्रवाई कर रहा है।
सदर्न कमांड के मुताबिक ज्वाइंट टास्क फोर्स ने इस तैरते हुए रीफ्यूलिंग स्टेशन को समुद्र के बीच रोका। इसके बाद क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालकर इक्वाडोर प्रशासन को सौंपने की प्रक्रिया शुरू की गई। जारी वीडियो फुटेज में सैन्य हेलीकॉप्टर की मौजूदगी के बाद प्रोजेक्टाइल हमले से पूरे पोत को समुद्र में जलमग्न होते देखा गया।
दो सप्ताह में पांचवां हमला, ‘लॉस चोनेरोस’ सिंडिकेट के जहाजों पर गिरी गाज
अमेरिकी सेना ने पिछले दो हफ्तों से भी कम समय में यह पांचवां जहाज निशाना बनाया है। हाल ही में ‘मारिया कैंडेलारिया’, ‘कॉन्क्विस्टा II’, ‘OM2’ और ‘लॉस ट्रेस हर्मानोस’ नामक जहाजों को भी कार्रवाई की जद में लिया गया था। अमेरिका ‘लॉस चोनेरोस’ को विदेशी आतंकी संगठन मानता है और इसके लॉजिस्टिक नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ना चाहता है।
समुद्री अभियानों पर कई मानवाधिकार विशेषज्ञों ने कानूनी वैधता को लेकर सवाल खड़े किए हैं, क्योंकि 68 हमलों में 227 से अधिक मौतें दर्ज हैं। अमेरिकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ लैटिन अमेरिकी देशों के साथ जमीनी स्तर पर साझा अभियान का दायरा बढ़ा रहे हैं। हालांकि इक्वाडोर ने इस ताजा हमले पर तुरंत कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।