Washington News: अमेरिका और ईरान के बीच सैन्य संघर्ष अब बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी सेना ने ईरान के सैन्य ठिकानों और परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास जोरदार मिसाइल हमले किए हैं। इसके जवाब में ईरान ने पूरे मिडल ईस्ट में तेल निर्यात ठप करने की बड़ी चेतावनी दी है।
अमेरिकी सेना की सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के निर्देश पर दक्षिण-पश्चिमी ईरान के रामशिर और अहवाज़ में सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। बुशहर परमाणु संयंत्र के पास एक पावर स्टेशन पर मिसाइल गिरने से भीषण धमाके हुए। अमेरिका ने साफ किया है कि ईरानी हमले की क्षमता खत्म होने तक अभियान जारी रहेगा।
कुवैत बेस और रेड सी में जवाबी हमले
जवाबी कार्रवाई में ईरान और उसके सहयोगी संगठनों ने अमेरिकी व क्षेत्रीय ठिकानों को निशाना बनाया है। ईरान की आईआरजीसी (IRGC) ने कुवैत में बने ‘अली अल सालेम’ अमेरिकी सैन्य ठिकाने पर ड्रोन हमला किया। उधर, यमन के हूती विद्रोहियों ने रेड सी में सऊदी अरब के दो तेल टैंकरों पर हमला कर दिया।
अमेरिकी सेना को आशंका है कि ईरान को सटीक हमलों के लिए रूस से खुफिया सहायता मिल रही है। अमेरिकी एजेंसियां जांच कर रही हैं कि क्या रियाद स्थित दूतावास के सीआईए (CIA) स्टेशन पर हुए हमलों में रूस ने टार्गेटिंग डेटा या नेविगेशन अपग्रेड दिया था, जिससे ड्रोन बिना चूके निशाना लगा रहे हैं।
‘अगर हमारा तेल नहीं बिका तो किसी का नहीं बिकेगा’
ईरान के स्पीकर मोहम्मद बाकेर गालिबाफ ने सोशल मीडिया पर लिखा कि यह युद्ध अब वैश्विक ऊर्जा निर्यात को संकट में डाल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान अपना तेल नहीं बेच पाएगा, तो किसी भी देश को तेल निर्यात नहीं करने दिया जाएगा। यह बयान अमेरिकी राष्ट्रपति के बुनियादी ढांचों पर हमले की धमकी के बाद आया है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने भी अमेरिका को सीधी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि ईरान का डिफेंस डॉक्ट्रिन एकदम साफ है और वह ‘आंख के बदले आंख’ की नीति पर काम करता है। बुनियादी ढांचों पर अमेरिकी हमले का मतलब ईरान की ओर से बेहद शक्तिशाली और निर्णायक जवाब को न्योता देना है।