New Delhi News: पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने नई दिल्ली में आयोजित शंघाई कोऑपरेशन ऑर्गनाइजेशन (SCO) सिविलाइजेशनल डायलॉग फोरम में हिस्सा लिया। इस मंच पर उन्होंने विवादास्पद द्विपक्षीय मुद्दों से दूरी बनाए रखी और केवल अपने देश का पक्ष प्रस्तुत किया। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस दौरे और उनके भाषण की सराहना की है।
नई दिल्ली में आयोजित इस सांस्कृतिक संवाद कार्यक्रम के दौरान मुसादिक मसूद मलिक का रुख नरम दिखाई दिया। उन्होंने भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे किसी भी विवादित विषय पर टिप्पणी नहीं की और अपना संबोधन केवल अपने देश की नीतियों तथा सांस्कृतिक विरासत पर केंद्रित रखा।
पुराने बयान से बिल्कुल अलग रहा रुख
मुसादिक मलिक का यह शांत रुख उनके पिछले वर्ष के बयानों के विपरीत देखा जा रहा है। पिछले साल सिंधु जल संधि पर भारत की ओर से रोक लगाने के संदर्भ में मलिक ने पाकिस्तान में आक्रामक बयान दिया था। उस समय उन्होंने पानी रोकने की कोशिश करने वालों के “हाथ काटने” की धमकी दी थी। हालांकि, दिल्ली दौरे के दौरान उन्होंने सिंधु नदी विवाद या किसी अन्य तनावपूर्ण मुद्दे पर कोई बयान नहीं दिया।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने की कूटनीति की तारीफ
पाकिस्तान लौटने के बाद मुसादिक मलिक ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात कर अपनी दिल्ली यात्रा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। शहबाज शरीफ ने SCO के सांस्कृतिक संवाद में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने के लिए मलिक की प्रशंसा की।
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि मलिक ने मंच पर इतिहास और जमीनी हकीकत को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया है। उन्होंने मलिक की उर्दू भाषा और भाषण शैली की सराहना करते हुए कहा कि मंत्री ने क्षेत्र में पाकिस्तान की सकारात्मक छवि पेश करने का प्रयास किया है। पाकिस्तान की ओर से इस भागीदारी को अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना पक्ष रखने और छवि सुधारने की पहल के रूप में देखा जा रहा है।