बांग्लादेश में चीनी नागरिकों की भारत विरोधी लाइवस्ट्रीमिंग पर विदेश मंत्रालय सख्त, पन्नू मामले पर भी दिया दो टूक जवाब

Share

- Advertisement -

New Delhi News: बांग्लादेश में चीनी नागरिकों द्वारा ढाका के इलाकों को भारत बताकर दुष्प्रचार करने पर विदेश मंत्रालय ने सख्त रुख अपनाया है। विदेश मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि बांग्लादेशी प्रशासन ऐसे तत्वों पर कड़ी कार्रवाई करेगा। वहीं, अमेरिकी अदालत द्वारा आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू के मुकदमे में भेजे गए समन और आरोपों को भारत ने सिरे से खारिज कर दिया।

बांग्लादेश में चीनी नागरिकों की भारत विरोधी गतिविधियों और सोशल मीडिया पर चलाए जा रहे भ्रामक अभियान पर भारत के विदेश मंत्रालय (MEA) ने कड़ा ऐतराज जताया है। ढाका के गरीब इलाकों का वीडियो बनाकर उन्हें भारत का बताने और देश की छवि धूमिल करने वाली टिप्पणियों पर मंत्रालय ने कहा कि किसी देश की गलत तस्वीर पेश करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि ऐसे कृत्यों से उन लोगों की अपनी साख खत्म होती है और उम्मीद जताई कि संबंधित अधिकार क्षेत्र के अधिकारी इन तत्वों के खिलाफ सख्त कदम उठाएंगे।

ढाका के इलाकों को नई दिल्ली बताकर लाइवस्ट्रीमिंग का आरोप

बांग्लादेशी समाचार पत्र ‘प्रथोम आलो’ की एक पड़ताल में सामने आया है कि करीब 150 चीनी नागरिक ढाका के टेकपाड़ा और उत्तरा जैसे क्षेत्रों में सक्रिय हैं। ये लोग वहां की तंग गलियों, दुकानों और बस्तियों को कैमरे में कैद कर चीनी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लाइवस्ट्रीम कर रहे हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इन वीडियो में ढाका के इलाकों को जानबूझकर भारत की राजधानी नई दिल्ली के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है और स्थानीय जीवनशैली पर आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं।

जांच में सामने आई अनुवादित टिप्पणियों के मुताबिक, मियामिया नाम की एक चीनी महिला ने उत्तरा के टेकपाड़ा इलाके को दिखाते हुए इसे नई दिल्ली बताया और यहां के मकानों को गंदा कहा। वहीं, वांग वेई नामक एक अन्य व्यक्ति ने चाय की दुकान का वीडियो बनाते हुए बेहद अभद्र और भ्रामक टिप्पणियां कीं।

आतंकी पन्नू के दीवानी मुकदमे पर भारत का रुख साफ

इसके साथ ही विदेश मंत्रालय ने खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू से जुड़े मामले में भी भारत की स्थिति स्पष्ट की। अमेरिका की एक अदालत के निर्देश पर अमेरिकी विदेश विभाग ने पन्नू द्वारा दायर दीवानी मुकदमे में राजनयिक माध्यमों से भारत सरकार को समन भेजा है। ये समन वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास के जरिए दिए गए हैं। पन्नू ने अपने मुकदमे में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और पूर्व रॉ प्रमुख सामंत गोयल सहित कई अन्य को पक्षकार बनाया है और हत्या की कथित साजिश का आरोप लगाकर हर्जाने की मांग की है।

विदेश मंत्रालय ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि वह अपने अधिकारियों के खिलाफ लगाए गए मनगढ़ंत, दुर्भावनापूर्ण आरोपों और आधारहीन मुकदमों को कतई स्वीकार नहीं करता। मंत्रालय ने दोहराया कि भारतीय कानूनों के तहत किसी भी व्यक्ति को आतंकवादी या किसी संस्था को प्रतिबंधित घोषित करने का पूरा अधिकार भारत के सक्षम प्राधिकरणों के पास है।

भारत सरकार ने गुरपतवंत सिंह पन्नू को गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत आतंकवादी और उसके संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) को प्रतिबंधित घोषित कर रखा है, जो अमेरिका और कनाडा से अलगाववादी एजेंडा संचालित करता रहा है।

Read more

Related News