Athens News: सड़क हादसे में अपने 21 साल के जवान बेटे को खोने के कुछ ही महीनों बाद ग्रीस के एक बुजुर्ग दंपती के घर फिर से खुशियां लौटी हैं। 54 साल की क्रिस्टीना राप्टी-त्जेलेपी और उनके 60 साल के पति कांस्टेंटिनोस ने 22 साल से अधिक समय से फ्रीज किए गए भ्रूण की मदद से स्वस्थ बच्ची का स्वागत किया है।
दंपती ने नवजात बच्ची का नाम जॉर्जिया रखा है, जो उनके दिवंगत बेटे जियोर्गोस की याद से जुड़ा है। जियोर्गोस की बीते अक्टूबर महीने में सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई थी। इस गहरे सदमे से उबरने के लिए दंपती ने अपने परिवार में दोबारा नई जिंदगी लाने का साहसिक फैसला किया।
उम्र सीमा के कड़े नियमों के बीच पूरी हुई प्रक्रिया
दंपती के सामने कानूनी और चिकित्सीय समय सीमा की बहुत बड़ी चुनौती थी। ग्रीस के कानून के तहत महिलाओं के लिए आईवीएफ उपचार की अधिकतम उम्र सीमा 54 वर्ष तय है और इसके लिए राष्ट्रीय प्राधिकरण की विशेष अनुमति लेनी होती है। क्रिस्टीना के पास यह जटिल प्रक्रिया पूरी करने के लिए महज ढाई महीने का समय बचा था।
राजधानी एथेंस के एक अस्पताल में जन्मी इस बच्ची का वजन 3.49 किलोग्राम है और वह पूरी तरह सेहतमंद है। वरिष्ठ डॉक्टर कोस्टास पैंटोस ने इस सफलता को ऐतिहासिक बताया। उन्होंने कहा कि देश में घटती जन्म दर को देखते हुए सरकार को महिलाओं के लिए आईवीएफ से जुड़ी मौजूदा उम्र सीमा पर फिर से विचार करना चाहिए।