World News: सर्दी-खांसी और बुखार को अक्सर लोग सामान्य मौसमी फ्लू समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यह लापरवाही कभी-कभी भारी पड़ सकती है। चीन में वैज्ञानिकों ने एक नए वायरस की पहचान की है, जो ‘टिक’ नाम के छोटे परजीवी कीड़े के काटने से इंसानों में फैल रहा है।
इस वायरस की खोज बीजिंग में उस समय हुई, जब मरीजों में तेज बुखार और तेजी से प्लेटलेट्स गिरने जैसी गंभीर शिकायतें देखी गईं। डॉक्टरों ने जब टेस्ट किए, तो लगभग तीस फीसदी मरीजों की रिपोर्ट सामान्य बीमारी से निगेटिव आई। इसके बाद आरएनए सीक्वेंसिंग तकनीक से जांच करने पर इस नए वायरस का पता चला।
एशियन लॉन्गहॉर्न टिक नाइरोवायरस पड़ा नाम, फ्लू जैसे हैं लक्षण
वैज्ञानिकों ने इस नए संक्रमण को ‘एशियन लॉन्गहॉर्न टिक नाइरोवायरस’ (ALTNV) नाम दिया है। इसके लक्षण सामान्य फ्लू से काफी मिलते-जुलते हैं, जिस वजह से मरीज इसकी पहचान नहीं कर पाते हैं। अत्यधिक थकान, कमजोरी, पेट दर्द, पाचन संबंधी गड़बड़ी, प्लेटलेट्स का गिरना और आंतरिक अंगों में सूजन इसके प्रमुख लक्षण हैं।
रिसर्च के दौरान वैज्ञानिकों ने चीन के पंद्रह अलग-अलग प्रांतों से करीब 47,400 टिक्स की गहन जांच की। अध्ययन में सामने आया कि ‘हेमाफिसलिस लोंगीकोर्निस’ प्रजाति के कीड़ों में यह वायरस सबसे अधिक सक्रिय है। प्रयोगशाला परीक्षणों से यह पुष्टि हो चुकी है कि यह कीड़ा जानवरों और इंसानों में आसानी से वायरस फैला सकता है।