New Delhi News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में 25 नवंबर को हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में देश के भीतर ही टनल बोरिंग मशीन (TBM), क्रेन और बुलडोजर जैसे भारी निर्माण उपकरणों के निर्माण को बढ़ावा देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दी गई है। यह निर्णय ऐसे समय में लिया गया है जब कुछ सप्ताह पूर्व ही केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने चीन से मशीनों की आपूर्ति में आ रही रुकावटों पर कड़ा रुख अपनाते हुए घरेलू निर्माण पर जोर दिया था।
उल्लेखनीय है कि 3 नवंबर को केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा था कि यदि चीन सुरंग खोदने वाली मशीनें उपलब्ध नहीं कराता है, तो भारत किसी के सामने झुकने के बजाय इन मशीनों का निर्माण स्वयं करेगा। उन्होंने स्पष्ट किया था कि कोई भी भारत की विकास परियोजनाओं को नहीं रोक सकता और देश अपने रणनीतिक हितों से समझौता नहीं करेगा। उनके इस बयान के 22 दिन बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल ने घरेलू विनिर्माण को गति देने के लिए 11,000 करोड़ रुपये की इस योजना पर मुहर लगा दी है।
बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए घटानी है विदेशी निर्भरता
देश में वर्तमान समय में सड़कों, राष्ट्रीय राजमार्गों, एक्सप्रेसवे और पहाड़ी क्षेत्रों में सुरंगों (टनल) के निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। इन बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए टनल बोरिंग मशीनों, क्रेन और बुलडोजर की बड़े पैमाने पर आवश्यकता है।
हालांकि भारत स्वयं भी बड़ी संख्या में क्रेन और बुलडोजर का उत्पादन करता है, लेकिन अब भी लगभग 45 प्रतिशत भारी निर्माण मशीनरी का आयात चीन जैसे देशों से करना पड़ता है। बीते दिनों चीन द्वारा टनल बोरिंग मशीनों की आपूर्ति में अड़चनें पैदा करने की खबरें सामने आई थीं, जिससे विकास कार्यों पर असर पड़ने की आशंका थी। इसी विदेशी निर्भरता को समाप्त करने और देश को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार ने यह बड़ा कदम उठाया है।