Dehradun News: उत्तराखंड के प्रसिद्ध पर्यटक स्थल रॉबर्स केव यानी गुच्चूपानी में पर्यटकों द्वारा तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर डांस करने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वायरल वीडियो में युवाओं का एक ग्रुप सिर पर बूम बॉक्स रखकर हरियाणवी गाने पर नाचते हुए आगे बढ़ता दिख रहा है।
वायरल क्लिप में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति सिर पर बड़ा स्पीकर उठाए हुए है, जिसमें ‘लोफर’ गाना तेज आवाज में बज रहा है। बाकी साथी हाथ उठाकर ताल मिलाते और गाते हुए प्राकृतिक गुफा के भीतर चल रहे हैं। वहां मौजूद अन्य सैलानी इस अजीब व्यवहार को हैरानी से देखते नजर आए।
सोशल मीडिया पर भड़के यूजर्स, सख्त नियमों की मांग
इस वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने ग्रुप के इस आचरण की कड़ी आलोचना की है। कई लोगों ने सार्वजनिक जगहों पर इस तरह के व्यवहार को असभ्य बताया और उत्तराखंड में उपद्रव करने वाले पर्यटकों पर प्रतिबंध लगाने की मांग उठाई। इस घटना ने सार्वजनिक शिष्टाचार पर बहस छेड़ दी है।
कुछ लोगों का मानना है कि पर्यटन स्थलों पर तेज आवाज में बजने वाले कुछ गाने युवाओं पर गलत प्रभाव डालते हैं। वहीं कई यूजर्स का कहना है कि मौज-मस्ती के नाम पर ऐसी हरकतें स्वीकार्य नहीं हैं, जिससे अन्य पर्यटकों की शांति भंग हो। लोगों ने सरकार से ऐसे स्थलों के लिए कड़े नियम बनाने का सुझाव दिया।