Lucknow News: उत्तर प्रदेश में ठंड का असर तेज होने के साथ ही सुबह के समय कोहरा देखा जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, 16 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान में बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं। वहीं, ठंड बढ़ने के साथ ही पश्चिमी यूपी के शहरों में वायु प्रदूषण स्तर ‘बेहद खराब’ श्रेणी में पहुंच गया है।
उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और सर्दी का असर धीरे-धीरे बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य राजस्थान और उसके आसपास के क्षेत्रों में हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके प्रभाव से पूर्वांचल के कुछ हिस्सों में हल्की-फुल्की बूंदाबांदी हो सकती है, हालांकि प्रदेश के अधिकांश जिलों में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क रहने का अनुमान है।
प्रदेश के दोनों संभागों—पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय कई इलाकों में हल्का कोहरा छाया रह सकता है, जबकि पूर्वांचल में सुबह के वक्त मध्यम कोहरे को लेकर सतर्कता बरतने को कहा गया है। फिलहाल राज्य में व्यापक स्तर पर बारिश के आसार नहीं हैं।
राजधानी लखनऊ में खिली धूप, सामान्य रहेगा तापमान
राजधानी लखनऊ में दिनभर मौसम साफ रहने का अनुमान है। सुबह के समय हल्का कोहरा छाए रहने के बाद दिन चढ़ने के साथ ही खिली धूप निकलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा सकता है।
इसके अलावा बाराबंकी, सीतापुर, अयोध्या और प्रयागराज में भी मौसम साफ रहेगा, जबकि वाराणसी में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है।
पश्चिमी यूपी में बढ़ी ठंड, नोएडा में AQI 311 दर्ज
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ में सुबह-शाम ठंड का असर तेज हो गया है। ठंड बढ़ने के साथ ही इन इलाकों की हवा में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है। दीपावली के बाद वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की गई है। नोएडा में वायु गुणवत्ता सूचकांक 311 दर्ज किया गया, जो ‘बेहद खराब’ श्रेणी में आता है।
मौसम विभाग ने 16 नवंबर तक पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान जताया है। इस दौरान बारिश या गरज-चमक की कोई चेतावनी नहीं दी गई है और सभी जिले ग्रीन जोन में रहेंगे। साथ ही अगले सात दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।