Lucknow News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले बहुजन समाज पार्टी की मुखिया मायावती ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। पार्टी में अनुशासन बनाए रखने का कड़ा संदेश देते हुए उन्होंने नेशनल को-ऑर्डिनेटर रणधीर सिंह बेनीवाल और आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को बसपा से बाहर निकाल दिया है।
निष्कासन की आधिकारिक कार्रवाई से ठीक पहले पार्टी नेतृत्व ने अशोक सिद्धार्थ से दिल्ली, कर्नाटक, ओडिशा और पश्चिम बंगाल का कार्यभार वापस ले लिया था। इसी प्रकार रणधीर सिंह बेनीवाल पंजाब, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। मायावती ने सोशल मीडिया पर विस्तृत पोस्ट जारी कर निष्कासन की पुष्टि की।
टिकटों के बंटवारे का फैसला लेंगी खुद मायावती
बसपा प्रमुख मायावती ने स्पष्ट किया कि यूपी विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन का अंतिम अधिकार केवल उनके पास ही रहेगा। लखनऊ प्रदेश कार्यालय में समीक्षा बैठकें आयोजित कर उन्होंने दो दर्जन से ज्यादा प्रत्याशियों के नाम तय कर दिए हैं। बाकी बची सीटों पर वे खुद इंटरव्यू लेकर कैंडिडेट फाइनल करेंगी।
इसके साथ ही सोशल मीडिया पर भतीजे आकाश आनंद के राजनीतिक कद को लेकर चल रही खबरों पर मायावती ने सख्त एतराज जताया। उन्होंने साफ कहा कि आकाश आनंद को रैलियों में उम्मीदवार घोषित करने के लिए भेजना पार्टी की सामान्य प्रक्रिया है। कार्यकर्ताओं से अफवाहों से दूर रहने की अपील की गई।