Lucknow News: राजधानी लखनऊ में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने मिलावटी मिठाइयों के बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। काकोरी के हरदोईया लालनगर स्थित शिवाछी स्वीट्स पर टीम ने रेड की, जहां बेहद गंदगी और नाली के पानी के बीच मिठाइयां बनाई जा रही थीं। विभाग ने निर्माण स्थल को तुरंत प्रभाव से सील कर दिया है।
भैंसों के तबेले और गंदे पानी में तैयार हो रहा था माल
अधिकारियों की जांच में सामने आया कि जिस जगह मिठाइयां बन रही थीं, वहीं भैंसें बंधी हुई थीं और उनका गोबर उड़कर मिठाइयों तक पहुंच रहा था। पास की खुली नाली का पानी भरा था। गंदे प्लास्टिक ड्रमों में 1000 लीटर दूषित घोल मिला, जिसमें मक्खियां तैर रही थीं। साथ ही सेफोलाइट और संदिग्ध केमिकल भी बरामद हुए।
मौके से लगभग 1675 किलो तैयार कलाकंद, डोडा बर्फी और पेड़ा बिना ढके खुले में मिले। जांच में खुलासा हुआ कि यूनिट के पास केवल रिटेल सेल का लाइसेंस था, लेकिन वे अवैध रूप से बड़े पैमाने पर मैन्युफैक्चरिंग कर रहे थे। काम कर रहे 25 वर्कर्स का कोई मेडिकल फिटनेस टेस्ट और हाइजीन प्रोटोकॉल नहीं था।
2675 किलो दूषित माल नष्ट करने की प्रक्रिया शुरू
फूड सेफ्टी अफसरों ने 2675 किलो दूषित स्टॉक को नष्ट करने के लिए चिन्हित कर दिया है। इसके अलावा 79 हजार रुपये से अधिक कीमत का 686 किलो कच्चा माल जब्त किया गया। अधिकारियों ने क्वालिटी टेस्ट के लिए 15 सैंपल लैब भेजे हैं। त्योहार से पहले हुई इस कड़ी कार्रवाई से हड़कंप मचा है।