लखनऊ में विधायक आवास से गिरकर बीजेपी नेता की मौत, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

Share

- Advertisement -

Lucknow News: राजधानी लखनऊ में विधायक आवास की सातवीं मंजिल से गिरकर भाजपा नेता नानकदीन भुर्जी (55) की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मृतक के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। बेटे उत्तम गुप्ता ने विधायक के प्रतिनिधि आरिफ और उनके साथियों पर पिता को नीचे फेंकने का गंभीर आरोप लगाया है।

बेटे उत्तम ने आत्महत्या की सभी संभावनाओं को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनके पिता पूरी तरह स्वस्थ थे और डिप्रेशन में नहीं थे। बेटे ने इस संबंध में हजरतगंज कोतवाली में तहरीर दी है। वहीं घटना के बाद पुलिस ने शुरुआती जांच के आधार पर इसे आत्महत्या का मामला बताया था।

विधायक से मिलने पहुंचे थे नानकदीन, कमरे में साजिश के तहत हत्या का आरोप

दर्जा प्राप्त पूर्व राज्यमंत्री और भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश महामंत्री नानकदीन भुर्जी मंगलवार को अपने विधायक मित्र हंसराम से मिलने पहुंचे थे। बेटे का आरोप है कि कमरा नंबर 703 में मौजूद मोहम्मद आरिफ ने अपने साथियों के साथ मिलकर एक साजिश के तहत उनके पिता की हत्या की और शव को नीचे फेंक दिया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक परिजनों की ओर से तहरीर मिल गई है और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में मामला आत्महत्या का लगा था, लेकिन परिजनों के आरोपों को ध्यान में रखते हुए हर पहलू से जांच की जाएगी।

बैकुंठधाम में हुआ अंतिम संस्कार, गमगीन माहौल में दी गई अंतिम विदाई

बुधवार दोपहर बैकुंठधाम में नानकदीन भुर्जी का अंतिम संस्कार कर दिया गया, जहां उनके बेटे ने उन्हें मुखाग्नि दी। भाजपा नेता की अचानक हुई मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। अंतिम यात्रा के दौरान उनकी पत्नी अचेत हो गईं, जिन्हें परिजनों ने संभाला।

बेटे ने बताया कि घटना वाले दिन दोपहर सवा दो बजे आरिफ ने ही उनके पिता के निजी सचिव को फोन करके घटना की जानकारी दी थी। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News