Mumbai News: दक्षिण मुंबई के भूलेश्वर इलाके में शनिवार रात गणेश आगमन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया। यहां करीब 22 फीट ऊंची ‘भूलेश्वरचा राजा’ की भव्य प्रतिमा अचानक गिर गई। इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग घायल हुए हैं।
पंडाल से महज 50 मीटर दूरी पर हुआ भीषण हादसा
यह दर्दनाक घटना शनिवार रात करीब 9:51 बजे बलराम मर्चेंट रोड और जय अंबे चौक के पास हुई। भायखला से गणेश प्रतिमा को पंडाल की तरफ लाया जा रहा था। जब मूर्ति पंडाल से केवल 50 से 60 मीटर दूर थी, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने की वजह से नीचे गिर गई।
राहत टीमों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया
हादसे की सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस, फायर ब्रिगेड, ट्रैफिक पुलिस और 108 एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंची। बचाव दल ने सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। अधिकारियों ने बताया कि मृतकों की पहचान संकेत नेवशे और बृजेश हेमंत जोशी के रूप में की गई है।
वहीं हादसे में घायल वैभव घेनंद, पवन चौरसिया, लावण्या गनेर, दिव्या गनेर और कुणाल काशिद का इलाज अस्पताल में जारी है। नगर निगम के डॉक्टरों के मुताबिक सभी घायलों की हालत स्थिर है। 10 दिनों तक चलने वाले गणेशोत्सव से ठीक पहले हुए इस हादसे से इलाके में शोक का माहौल है।