Indore News: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर में एक ऑटो रिक्शा चालक की हाथी के अचानक बेकाबू होकर हमला करने से मौत हो गई।
मृतक ऑटो चालक हाथी को बेहद श्रद्धा और प्रेम से गुड़ खिलाने पहुंचा था। लेकिन अचानक हाथी हिंसक हो गया और उसने चालक पर जानलेवा हमला कर दिया। इस दुखद हादसे के बाद से ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
गुड़ खिलाते ही बेकाबू हुआ उज्जैन से लाया गया हाथी
जानकारी के मुताबिक राजनगर निवासी 49 वर्षीय विजय होलकर अपने घर के बाहर मौजूद थे। इसी दौरान एक महावत अपने हाथी के साथ भिक्षा मांगते हुए इलाके में आया। यह हाथी जैन समाज के एक कार्यक्रम के लिए उज्जैन से इंदौर लाया गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि विजय होलकर घर से गुड़ लाकर हाथी को खिलाने लगे। तभी अचानक भड़के हाथी ने उन्हें सूंड में लपेटकर सड़क पर पटक दिया। इसके बाद हाथी ने उनके सीने पर पैर रख दिया, जिससे वे बुरी तरह घायल हो गए।
अस्पताल में तोड़ा दम, पुलिस ने महावत को हिरासत में लिया
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने घायल विजय को तुरंत पास के अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें एमवाय अस्पताल और फिर निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही चंदन नगर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने मर्ग कायम कर लापरवाही के आरोप में महावत को हिरासत में ले लिया है। इस हादसे ने भीड़भाड़ वाले इलाकों में हाथियों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं।