Ambala News: देश भर में 80वें स्वतंत्रता दिवस का उत्सव धूमधाम से मनाया गया। अंबाला में आयोजित जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की। तेज बारिश के बीच उन्होंने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड का निरीक्षण कर सलामी ली।
देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा समारोह स्थल
समारोह में राष्ट्रगान के साथ उपस्थित लोगों ने तिरंगे को नमन किया। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से भरपूर शानदार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इस भव्य आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
शहीदों के बलिदान को याद कर एकता और भाईचारे का दिया संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने स्वतंत्रता दिवस को हर नागरिक के लिए गौरव का दिन बताया। उन्होंने भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, राजगुरु और खुदीराम बोस जैसे महान क्रांतिकारियों के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आज़ादी अनगिनत शहादतों और संघर्षों के बाद मिली है।
कैबिनेट मंत्री ने जनता से देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने जोर देकर कहा कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए सरकार और नागरिकों की साझा भागीदारी जरूरी है। हर व्यक्ति को राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।