सत्य निकेतन इमारत हादसे के बाद बड़ा एक्शन, डीसी समेत पांच एमसीडी अधिकारियों को किया निलंबित

Share

- Advertisement -

Delhi News: साउथ वेस्ट दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में इमारत गिरने से सात लोगों की जान चली गई। इस दर्दनाक हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर दिल्ली नगर निगम ने बड़ी कार्रवाई की है। निगम प्रशासन ने साउथ जोन के डीसी समेत पांच अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, साउथ जोन के उपायुक्त राकेश कुमार पर सीधी कार्रवाई की गई है। इसके अलावा चार अन्य तकनीकी अधिकारियों को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। नगर निगम के सतर्कता विभाग ने पूरी जांच के बाद इन सभी अधिकारियों के निलंबन का आधिकारिक आदेश जारी कर दिया है।

सस्पेंड हुए अधिकारियों में ये नाम शामिल

निलंबन आदेश के मुताबिक साउथ जोन के सुपरिटेंडेंट इंजीनियर रणवीर सिंह को हटाया गया है। इनके अलावा एक्जीक्यूटिव इंजीनियर ललित कुमार गोयल, असिस्टेंट इंजीनियर सुनील चौहान और जूनियर इंजीनियर आशीष कुमार को भी निलंबित किया गया है। यह सभी अधिकारी साउथ जोन के बिल्डिंग विभाग में तैनात होकर जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

हादसे के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता सोमवार को लगातार दूसरे दिन घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने वहां चल रहे राहत और बचाव कार्यों का गहन जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि नियमों की अनदेखी और लापरवाही बरतने वाले किसी भी जिम्मेदार अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

मरम्मत कार्य के दौरान हुआ था हादसा

यह दर्दनाक हादसा रविवार दोपहर करीब डेढ़ बजे पेश आया, जब इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। इस बिल्डिंग में छात्रों के लिए पेइंग गेस्ट आवास संचालित हो रहा था। अचानक ढांचा ढहने से अंदर मौजूद कई लोग भारी मलबे के नीचे दब गए थे।

राहत एवं बचाव टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद अब तक मलबे से 12 लोगों को बाहर निकाला है। इनमें से सात लोगों की जान चली गई, जबकि बाकी घायलों का इलाज चल रहा है। निगम प्रशासन अब क्षेत्र में अन्य इमारतों की सुरक्षा और निर्माण अनुमति की जांच कर रहा है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News