Delhi News: राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में अगस्त महीने की शुरुआत में ही भारी बारिश देखने को मिल रही है। शुरुआती आठ दिनों के भीतर ही पूरे महीने की औसत बारिश का रिकॉर्ड टूट गया है। शहर की मुख्य सफदरजंग वेधशाला में अब तक कुल 230.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है।
सफदरजंग वेधशाला में सामान्य से ज्यादा बारिश
सफदरजंग में शनिवार सुबह तक 225.7 मिलीमीटर बारिश हुई थी। इसके बाद शाम तक 4.4 मिलीमीटर बारिश और दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार वर्ष 1991 से 2020 के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में पूरे अगस्त महीने में औसतन 226.8 मिलीमीटर बारिश होती है, जिसे इस बार बेहद कम समय में पार कर लिया गया।
शनिवार को दर्ज हुई दो साल की सबसे अधिक बारिश
दिल्ली में शनिवार को पिछले दो वर्षों में अगस्त के किसी एक दिन की सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। सफदरजंग में शनिवार सुबह तक 24 घंटे में 98.7 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई। इससे पहले 1 अगस्त 2024 को एक दिन में 107.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। इस बार शहर के अन्य इलाकों में भी भारी वर्षा हुई।
विभिन्न मौसम केंद्रों के आंकड़े आए सामने
शनिवार सुबह तक पिछले 24 घंटे के दौरान पालम में 104.6 मिलीमीटर और आयानगर में 115 मिलीमीटर बारिश हुई। इसके अलावा रिज में 89.8 मिलीमीटर तथा लोधी रोड में 86.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। दिन के समय आयानगर में सबसे अधिक 16 मिलीमीटर और रिज में 9.4 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई।
अगले दो दिनों के लिए आईएमडी का पूर्वानुमान
मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर नया अपडेट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक अगले दो दिनों के दौरान दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी। बारिश से तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से राहत मिली है।