New Delhi News: मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 में यूएई के खिलाफ मुकाबले में भारतीय टीम के बल्लेबाज अन्वय द्रविड़ सिर्फ 12 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग ने 161 रनों की शतकीय पारी खेली। वीके विनीत के 67 रनों के योगदान की बदौलत भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 309 रन बनाए।
मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 में ग्रुप-ए के मुकाबले में भारतीय टीम ने संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के सामने मजबूत स्कोर खड़ा किया है। हालांकि, पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन को बेहतर नहीं कर सके और यूएई के खिलाफ छठे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए 9 गेंदों में एक छक्के की मदद से केवल 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
अन्वय के लिए टूर्नामेंट में बल्ला अब तक शांत रहा है। इससे पहले पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए मुकाबले में वह 10 रन बनाकर आउट हुए थे, जबकि नेपाल के खिलाफ मैच में उन्हें बल्लेबाजी का अवसर नहीं मिला था।
आर्यवीर सहवाग का 161 रनों का धमाकेदार शतक
एक छोर पर जहां अन्वय द्रविड़ सस्ते में आउट हुए, वहीं पूर्व सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने बेहतरीन बल्लेबाजी का मुजाहिरा किया। सलामी बल्लेबाज के तौर पर उतरे आर्यवीर ने 168 गेंदों पर 161 रनों की पारी खेली, जिसमें 17 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। उन्होंने 131 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। इससे पहले उन्होंने नेपाल के खिलाफ मुकाबले में भी नाबाद 70 रन बनाए थे।
भारत ने बनाए 7 विकेट पर 309 रन
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत धीमी रही। सलामी बल्लेबाज लक्ष्य रायचंदानी 32 गेंदों में 17 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद आर्यवीर सहवाग और वीके विनीत ने पारी को संभाला। विनीत ने 69 गेंदों में 67 रन बनाए और दूसरे विकेट के लिए मजबूत साझेदारी की।
विनीत के आउट होने के बाद मध्यक्रम बड़ा स्कोर बनाने में संघर्ष करता दिखा। निर्धारित 50 ओवरों में भारतीय टीम ने 7 विकेट के नुकसान पर 309 रनों का कुल स्कोर खड़ा किया।