New Delhi News: न्यूजीलैंड के खिलाफ बेसिन रिजर्व में खेला गया पहला टेस्ट मैच भारत 720 रन बनाने के बावजूद नहीं जीत सका और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। मैच के अंतिम दिन जब भारतीय गेंदबाज विकेट के लिए संघर्ष कर रहे थे, तब मुख्य कोच गौतम गंभीर ड्रेसिंग रूम में पॉपकॉर्न खाते नजर आए, जिस पर अंग्रेजी कमेंट्री बॉक्स में सवाल उठाए गए।
न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट मैच में भारतीय टीम पहली पारी में 720 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने के बावजूद जीत दर्ज करने में नाकाम रही। बेसिन रिजर्व में खेला गया यह मुकाबला ड्रॉ पर खत्म हुआ। खेल के पांचवें और अंतिम दिन भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड की दूसरी पारी के शेष पांच विकेट नहीं गिरा सके। दिन के पहले सत्र में दो और दूसरे सत्र में एक विकेट लेकर भारत ने दबाव जरूर बनाया था, लेकिन चायकाल के बाद डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की साझेदारी ने भारतीय कप्तान शुभमन गिल की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
कमेंट्री बॉक्स में उठा गंभीर के रवैये पर सवाल
मैच के निर्णायक दौर में जब भारतीय गेंदबाज विकेट हासिल करने के लिए जूझ रहे थे, उस समय मुख्य कोच गौतम गंभीर ड्रेसिंग रूम में आराम से पॉपकॉर्न खाते हुए कैमरे में कैद हुए। अंग्रेजी कमेंट्री बॉक्स से भी उनके इस रवैये पर सवाल उठाए गए। कमेंटेटरों ने कहा कि यह समय जीत के लिए रणनीति बनाने और मैदान पर खिलाड़ियों तक संदेश भेजने का था, न कि आराम से पॉपकॉर्न खाने का।
गंभीर की ओर से मैदान पर कोई संदेश न भेजे जाने के बाद अंततः कप्तान शुभमन गिल स्वयं ब्रेक लेकर उनके पास पहुंचे। दोनों के बीच आगे की रणनीति को लेकर हुई बातचीत भी कैमरे में रिकॉर्ड हुई।
दूसरी पारी में 113 रन पीछे रही न्यूजीलैंड की टीम
मुकाबले के स्कोरकार्ड पर नजर डालें तो भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। मेजबान न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 720 रन बनाकर 352 रनों की बड़ी बढ़त हासिल की।
दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने पांच विकेट के नुकसान पर 239 रन बनाए और वह भारत के स्कोर से 113 रन पीछे रही। यदि अंतिम दिन के आखिरी सत्र में भारतीय टीम पांच विकेट और निकाल लेती, तो उसे पारी से जीत मिल सकती थी, लेकिन कीवी बल्लेबाजों ने दिन का खेल सुरक्षित निकालते हुए मैच ड्रॉ करा लिया।