लखनऊ के सआदतगंज में श्रद्धालु बनकर आई महिला ने मंदिर से चुराए आभूषण, CCTV में कैद हुई वारदात

Share

- Advertisement -

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज इलाके में स्थित एक मंदिर से दिनदहाड़े आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। श्रद्धालु बनकर आई एक महिला ने मां लक्ष्मी की मूर्ति से चांदी का छत्र, नथुनी और श्रीनाथ जी का मुकुट पार कर दिया। पूरी वारदात मंदिर के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसकी जांच में पुलिस जुटी है।

लखनऊ के सआदतगंज क्षेत्र स्थित मंदिर में दिनदहाड़े चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। श्रद्धालु के वेश में मंदिर पहुंची एक अज्ञात महिला ने गर्भगृह में स्थापित देवी-देवताओं के आभूषणों पर हाथ साफ कर दिया और मौके से फरार हो गई। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। घटना के बाद से स्थानीय श्रद्धालुओं में रोष और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता है।

सुबह के समय वारदात, आभूषण गायब होने पर मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 8:30 बजे से 9:30 बजे के बीच की है। महिला सामान्य श्रद्धालु की तरह मंदिर परिसर में दाखिल हुई थी। मौका पाकर उसने मां लक्ष्मी की प्रतिमा से चांदी का छत्र और नथुनी उतार ली। इसके साथ ही मंदिर में स्थापित श्रीनाथ जी का मुकुट भी गायब कर दिया। कुछ समय बाद जब मंदिर प्रबंधन और पुजारियों की नजर मूर्तियों पर पड़ी, तो आभूषण गायब देख परिसर में हड़कंप मच गया। तत्काल सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, जिसमें एक संदिग्ध महिला चोरी की वारदात को अंजाम देती नजर आई।

पुजारी ने दी जानकारी, एक संदिग्ध हिरासत में

मंदिर के पुजारी सियाराम अवस्थी ने बताया कि मां महालक्ष्मी का चांदी का छत्र, नथुनी और श्रीनाथ जी का मुकुट चोरी हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के लिए सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले ली। पुजारी के अनुसार, पुलिस ने संदेह के आधार पर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हालांकि, कैमरों में दिखाई दे रही मुख्य संदिग्ध महिला अभी पुलिस गिरफ्त से बाहर है।

फुटेज के आधार पर महिला की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में मंदिर प्रबंधन की ओर से औपचारिक लिखित तहरीर का इंतजार किया जा रहा है, जिसके मिलते ही प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध महिला की पहचान और उसके आने-जाने के रास्तों की पड़ताल कर रही है। साथ ही इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है कि इस चोरी में महिला अकेले थी या उसका कोई अन्य सहयोगी भी इस साजिश में शामिल था।

Read more

Related News