Bundi News: राजस्थान के बूंदी जिले में चंबल नदी के किनारे स्थित केशवरायपाटन प्राचीन धार्मिक नगरी होने के साथ-साथ अपनी अद्भुत स्थापत्य कला और मूर्तिकला के लिए भी प्रसिद्ध है। कार्तिक मास में यहां धार्मिक गतिविधियां विशेष रूप से बढ़ जाती हैं और कार्तिक पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु चंबल में स्नान कर भगवान केशवराय के दर्शन करते हैं।
व्यक्ति के जीवन में धर्म और आध्यात्म का महत्व सदा बना रहता है। इसके चलते उसके जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास और संस्कार बने रहते हैं। राजा-महाराजाओं ने समाज में धर्म का प्रवाह बढ़ाने के लिए मंदिरों का निर्माण कराया। ये मंदिर प्रायः नदी किनारे या नगर के प्रमुख स्थानों पर बनाए जाते थे। नदी किनारे बने मंदिर में लोग स्नान कर भगवान की मूर्ति के दर्शन कर सुख-शांति के लिए आशीर्वाद प्राप्त करते हैं।
चंबल के तट पर आस्था और स्थापत्य कला का अद्भुत संगम
प्राचीन काल में यह स्थान पट्टन नाम से जाना जाता था। मान्यता है कि यह जम्बू अरण्य मार्ग क्षेत्र का हिस्सा था, जहां ऋषि-मुनि तप और साधना किया करते थे। यहां स्थित भगवान केशवराय का मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। हर वर्ष लाखों श्रद्धालु यहां दर्शन करने पहुंचते हैं।
मंदिर अपनी उत्कृष्ट स्थापत्य कला के लिए विशेष पहचान रखता है। यह विष्णु तीर्थ से ऊपर चंबल नदी के तट से लगभग 200 फुट की ऊंचाई पर स्थित है। मंदिर एक विशाल और मजबूत चबूतरे पर बना है। इसके प्रवेश द्वार पर मध्यकालीन मंदिर स्थापत्य की झलक दिखाई देती है।
मंदिर की दीवारों, शिखर और विभिन्न हिस्सों पर पशु-पक्षियों, देवी-देवताओं, अप्सराओं, यक्षों, गंधर्वों और पौराणिक प्रसंगों को बेहद बारीकी से उकेरा गया है। भगवान श्रीकृष्ण से संबंधित भागवत कथाओं के दृश्य भी मूर्तियों के रूप में दर्शाए गए हैं। मंदिर के गर्भगृह में भगवान केशवरायजी की सुंदर श्वेत संगमरमर की प्रतिमा पद्मासन मुद्रा में विराजमान है। उनके हाथों में शंख और चक्र हैं तथा छाती पर वैजयंती माला सुशोभित है। मंदिर का ऊंचा शिखर चार मंजिला है, जिसके शीर्ष पर कलश स्थापित है।
चंबल नदी से जुड़ी धार्मिक मान्यता
केशवरायपाटन में चंबल नदी पूर्व दिशा की ओर बहते हुए धनुषाकार रूप धारण करती है। मान्यता है कि नदी भगवान केशवराय के चरणों को स्पर्श करने के बाद यू-टर्न लेती है। इस स्थान से नदी को चारण्यमति नदी के नाम से भी जाना जाता है। यही कारण है कि यहां चंबल में स्नान करना विशेष पुण्यदायी माना जाता है।
कार्तिक पूर्णिमा पर लगता है मेला
कार्तिक मास में यहां धार्मिक गतिविधियां विशेष रूप से बढ़ जाती हैं। इस दौरान सूर्योदय से पहले नदी में स्नान और भगवान की आराधना का विशेष महत्व है। अक्षय नवमी पर श्रद्धालु पंचकोसी परिक्रमा करते हैं। इसके बाद देवउठनी एकादशी और कार्तिक पूर्णिमा पर बड़ी संख्या में लोग चंबल में स्नान कर भगवान के दर्शन करते हैं।
इस अवसर पर यहां लगभग दो सप्ताह तक मेला आयोजित होता है, जिसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं। बूंदी उत्सव के दौरान आने वाले विदेशी पर्यटक भी यहां पहुंचते हैं और सूर्योदय तथा सूर्यास्त के समय नौकाविहार का आनंद लेते हैं।