शिवपुरी में बोले धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री: करवा चौथ को बताया ‘खसम पूजन दिवस’, रिश्तों पर दी खास नसीहत

Share

- Advertisement -

Shivpuri News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में श्रीराम कथा के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने करवा चौथ को मजाकिया अंदाज में ‘खसम पूजन दिवस’ कहा। उन्होंने कहा कि पत्नियां एक दिन पति की लंबी उम्र का व्रत रखती हैं, लेकिन बाकी 364 दिन ताने देने के बजाय पूरे साल रिश्तों में प्रेम और सम्मान बनाए रखना चाहिए।

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करैरा में आयोजित श्रीराम कथा के दौरान बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने करवा चौथ के पर्व पर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की। कथा के दौरान प्रश्नोत्तरी सत्र में एक श्रद्धालु द्वारा करवा चौथ के व्रत को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने इसे ‘खसम पूजन दिवस’ नाम दिया।

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने चुटकी लेते हुए कहा कि पत्नियां पति की लंबी उम्र के लिए एक दिन पूरे नियम से व्रत रखती हैं, लेकिन बाकी 364 दिन उन्हें ताने नहीं मारने चाहिए। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा, “कहां से मिल गए, कौन से मुहूर्त में शादी हुई थी, इससे अच्छा तो हम ऐसे ही मर जाते।” शास्त्री ने स्पष्ट किया कि व्रत रखने के साथ-साथ पति-पत्नी के रिश्ते में पूरे साल अच्छे व्यवहार और आपसी तालमेल का होना बेहद जरूरी है।

केवल एक दिन तक सीमित न रहे भावना: पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र के लिए जिस शिद्दत, निष्ठा और साधना से प्रार्थना की जाती है, वही भाव पूरे वर्ष बना रहना चाहिए, तभी इस व्रत की वास्तविक सार्थकता है। उन्होंने कहा कि व्रत अवश्य रखना चाहिए और पाश्चात्य संस्कृति के दौर में रिश्तों को लेकर यह संकल्प भी लेना चाहिए कि दांपत्य जीवन में पूरे साल प्रेम और सम्मान कायम रहे।

पूर्व मंत्री इमरती देवी भी कथा में हुईं शामिल

करैरा में चल रही सात दिवसीय श्रीराम कथा के चौथे दिन भगवान श्रीरामलला का प्राकट्योत्सव हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर मध्य प्रदेश की पूर्व मंत्री इमरती देवी भी कथा स्थल पर पहुंचीं और व्यासपीठ का पूजन कर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से आशीर्वाद लिया। कथा के दौरान बधाई गीतों पर श्रद्धालु झूमते दिखे, जिनमें पूर्व मंत्री भी शामिल रहीं। कथा के दौरान प्रतिदिन आयोजित होने वाले सवाल-जवाब सत्र में ही करवा चौथ को लेकर यह प्रसंग सामने आया।

क्या है ‘खसम’ शब्द का अर्थ?

‘खसम’ शब्द का प्रचलित अर्थ पति अथवा शौहर होता है। हिंदी, उर्दू, पंजाबी और उत्तर भारत की विभिन्न क्षेत्रीय बोलियों में इस शब्द का प्रयोग लंबे समय से होता आ रहा है। लोकगीतों, मुहावरों और पुरानी कहावतों में भी यह शब्द आम बोलचाल का हिस्सा रहा है। शास्त्री ने इसी पारंपरिक लोक-शब्द का संदर्भ देते हुए दांपत्य जीवन में पूरे साल सामंजस्य बनाए रखने का संदेश दिया।

Read more

Related News